घरों में चोरी करने वाले दो बदमाशों को मुठभेड़ में लगी गोली, गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश में कई घटनाएं कर नोएडा में कर रहे थे वारदात
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। कोतवाली सेक्टर-49 पुलिस के साथ मुठभेड़ में बुधवार रात को घरों में चोरी करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दोनों बदमाशों के खिलाफ हिमाचल प्रदेश में 13 मुकदमे दर्ज हैं। दोनों हिमाचल से भागकर नोएडा आ गए थे और यहां घटनाएं कर रहे थे। इनके पास से तमंचा, नकदी, ज्वेलरी व बाइक बरामद की गई है। नोएडा जोन के एडीसीपी सुमित कुमार शुक्ला ने बताया कि कोतवाली सेक्टर-49 पुलिस की टीम बुधवार रात को सेक्टर-76 मेट्रो स्टेशन के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया तो दोनों भागने लगे। पुलिस ने जब दोनों का पीछा किया तो बिजली घर के पास सर्विस रोड पर पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की तब दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। घायलों की पहचान हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुक्का रियूर निवासी अनिल उर्फ अन्नू उर्फ बिल्ला और मंडी के गदवाहन गांव निवासी करन शर्मा उर्फ गोपाल उर्फ काकू के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने बताया कि नोएडा के बरौल गांव में किराये का कमरा लेकर रह रहे थे।