तावड़ू। शहर में बीती रात नाइट कर्फ्यू के बावजूद नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर घर में घुसकर दो परिवारों के लोगों को बंधक बना लिया। परिजनों के साथ उन्होंने मारपीट की और जो मिला लूट ले गए। इसमें दो महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं। सुबह इस घटना का पता चलते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और वे थाने पहुंच गए। उन्होंने थाना प्रभारी से लुटेरों को तत्काल पकड़ने की मांग की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वार्ड नंबर 7 शिव कॉलोनी निवासी राजेश कुमार ने बताया कि वे शनिवार रात 10 बजे परिवार के साथ घर में सोए थे। रात करीब 12 बजे घर के बाहर कुत्तों की भौंकने की आवाज आई। उन्होंने गली में आकर देखा तो वहां दो व्यक्ति थे। वे उन्हें देखकर बावला रोड पागा की तरफ भागे। वे अपनी पत्नी व पड़ोसी मुकेश के साथ बावला रोड की ओर गए तो वहां कई लोगों की आवाजें आ रही थीं। मुकेश ने आवाज लगाकर ‘कौन है’ पूछा तो चेहरे पर कपड़ा बांधे 10-12 लोग हाथों में तमंचे, लोहे की रॉड आदि लेकर पहुंच गए। उन्होंने तीनों को हथियारों के बल पर डराया और उनके घर का पता पूछा।
उनके बताने पर सभी बदमाश हथियारों के बल पर उन्हें बंधक बनाकर घर में ले गए। उन्हें बरामदे में बिठा दिया। 4-5 बदमाश हथियार लेकर उनके पास खड़े रहे और बाकी ने कमरे में रखी अलमारी से 8-9 हजार रुपये नकद, बेड में रखे कुंडल, दो सोने की अंगूठी, एक चेन, कानों की एक जोड़ी बाली, एक जोड़ी टॉप्स, दो-तीन जोड़ी चांदी की पाजेब, तोशीबा कंपनी का लैपटॉप, राजेश और उनकी पत्नी के मोबाइल लूट लिये।
इसके बाद बदमाशों ने पड़ोसी मुकेश को हथियारों के बल पर बंधक बनाया। फिर उन्हें उनके भाई के मकान में लेकर गए। यहां बदमाशों ने उनके पूरे परिवार के साथ हथियारों के बल पर मारपीट की। यहां से उन्होंने लगभग 10 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात लूटे। भगवान के घर में वारदात के दौरान उन्होंने घर की दो महिलाओं को बेरहमी से पीटकर घायल कर दिया। इसके बाद दो-तीन हवाई फायर कर बदमाश भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद राजेश और अन्य लोग उन्हें देखने के लिए घर से निकले तो रास्ते में मोबाइल टूटा हुआ मिला। घटना की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। तावडू शहर थाना प्रभारी बिलासाराम ने बताया कि मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।