ग्रेटर नोएडा। कासना और इकोटेक वन पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर बुधवार को दो गेस्ट हाउस में छापा मारकर चार युवतियों और छह युवकों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक गेस्ट हाउस का मैनेजर भी शामिल है।
पुलिस को मुखबिर से देह व्यापार की सूचना मिली थी। जिस पर बुधवार को कासना और इकोटेक वन थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने प्रशांत गेस्ट हाउस और प्रधान गेस्ट हाउस पर छापा मारा। मौके से पुलिस ने आपत्तिजनक हालत में चार युवतियों के साथ छह युवकों को गिरफ्तार किया। इनमें प्रशांत गेस्ट हाउस का मैनेजर भी शामिल है। कमरों से आपत्तिजनक वस्तुओं के साथ 15 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने सभी के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान गेस्ट हाउस मैनेजर अभिषेक निवासी बाघपर दनकौर, सिकंद्राबाद के मसौदा गांव निवासी परमेश उर्फ जानी, दनकौर के चीती गांव निवासी रोहित, ग्रेटर नोएडा के नट की मढैया निवासी शिवा, दनकौर के अस्तौली गांव निवासी धीरज और दादरी के बील गांव निवासी अजय के रूप में हुई है।
पुलिस को देखकर भागीं युवतियां
पुलिस ने जैसे ही गेस्ट हाउस के कमरों को खुलवाया तो युवतियां भाग निकलीं, लेकिन महिला पुलिसकर्मियों ने सभी को दबोच लिया। वहीं, गिरफ्तार होने वाले आरोपी युवकों के परिजन भी थाने पर पहुंच गए। युवकों को इस हाल में देखकर परिजन दंग रह गए। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे जरूरी काम की बात कहकर घर से निकले थे।