हाईटेक सुविधाओं से लैस दो सरकारी स्कूलों का शुभारंभ
निजी स्कूल की तरह स्मार्ट कक्षाओं में छात्र पढ़ाई कर सकेंगे
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। श्रमिक दिवस के मौके पर दो नए सरकारी स्कूलों का शुभारंभ हुआ। हाईटेक सुविधाओं से लैस स्कूलों में छात्रों को निशुल्क पढ़ने का मौका मिलेगा। यहां पर करीब दो हजार छात्र निजी स्कूलों जैसी सुविधाओं के बीच पढ़ाई करेंगे।
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि छिजारसी में बने कंपोजिट स्कूल में करीब 1500 छात्र और हल्दौनी स्थित प्राइमरी स्कूल में 500 छात्र निजी स्कूल जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। छिजारसी स्थित स्कूल में 24 कक्षाएं बनाई गई हैं। निजी स्कूल की तरह स्मार्ट कक्षाओं में छात्र पढ़ाई कर सकेंगे। वहीं हल्दौनी स्थित स्कूल में छह कक्षाएं बनी हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने बताया कि स्कूल में पुस्तकालय, कौशल प्रयोगशाला, कंप्यूटर लैब, विज्ञान प्रयोगशाला, जीव विज्ञान प्रयोगशाला और गणित की प्रयोगशाला की सुविधा मिलेगी। यहां पर बच्चे प्रशिक्षण ले सकेंगे और सीखने का मौका मिलेगा। वहीं स्कूल परिसर में ही निजी स्कूलों की तर्ज पर खेल के मैदान बने हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 100 करोड़ रुपये से शिक्षा के ढांचे को सही किया गया है। सीएसआर की मदद से स्कूलों का कायाकल्प हो रहा है।