नगीना। ईद पर कानपुर से घर आ रहे दो ट्रक चालकों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इनकी पहचान नगीना खंड के गांव उमरी निवासी इनाम पुत्र इब्राहीम व मौसम पुत्र करीम बक्श निवासी गुलालता, पुन्हाना के रूप में हुई। जबकि, दो अन्य लोग घायल हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, असलम और इनाम शनिवार शाम को ईद मनाने के लिए उत्तर प्रदेश के कानपुर से अपने गांव उमरी आ रहे थे। इसी दौरान अकबरपुर थाना क्षेत्र में उनको मौसम मिल गया। मौसम भी उनके साथ ही घर चलने को तैयार हो गया। तीनों एक ट्रक में सवार होकर घर आने लगे। तभी अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के गौरियापुर गांव के पास कानपुर-इटावा मार्ग पर दो ट्रकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में चालक इनाम (20) और मौसम (25) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, असलम (40) पुत्र इब्राहीम निवासी उमरी गंभीर रुप से घायल हो गया। असलम को कानपुर के नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। तीनों चालक बच्चों के लिए नए कपड़े और अन्य घरेलू सामान लेकर घर आ रहे थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अकबरपुर थाना प्रभारी तुलसीराम पांडे ने बताया कि मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।