ऑनलाइन शोध पत्र पेश करतीं छात्राएं
- फोटो : Mewat
नूंह। राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस के लिए जिले के 5 बाल वैज्ञानिकों ने रविवार को ऑनलाइन शोध पत्र प्रस्तुत किए। इसमें से दो छात्राएं राज्य स्तर पर अपने मॉडल पेश करेंगी। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फिरोजपुर झिरका की छात्रा दिव्या ने विज्ञान संकाय के शहरी वर्ग में और राजकीय सीनियर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हसनपुर तावडू की छात्रा अंशु ने ग्रामीण वर्ग में राज्य स्तर के लिए क्वालीफाई किया।
जिला कोऑर्डिनेटर कुसुम मलिक ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मेवात जैसे पिछड़े क्षेत्र से दिव्या और अंशु विज्ञान के क्षेत्र में अहम भूमिका निभा रही हैं। तावडू खंड की कोऑर्डिनेटर किरण यादव ने कहा कि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और समझ जागृत करना ही शिक्षा का सही मायने में उपयोग है। विज्ञान जीवन को सरलता एवं संतुलन के साथ जीने की कला प्रदान करता है। जिले के एकेडमिक कोऑर्डिनेटर पवन यादव ने बताया कि मेवात से 15 टीमों ने जिला स्तर के लिए शोध पत्र प्रस्तुत किए थे। इनमें से 5 को राज्य स्तर के प्रथम चरण के लिए चुना गया है। इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश गोरिया ने दोनों छात्राओं और उनके शिक्षकों को बधाई दी।