जेवर। यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर टोल प्लाजा पर बुधवार रात सवा दो बजे दो बसों में साइड से टक्कर हो गई। जिसके बाद एक बस के स्टाफ ने दूसरी बस के चालक दल पर हमला बोल दिया। हमले में एक परिचालक गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर नरेंद्र सिंह, पंकज पवार व संजू निवासी किशनगढ़, दिल्ली को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।
कदम सिंह निवासी मध्यप्रदेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह भाई चंद्रभान के साथ अपनी बस लेकर इटावा से दिल्ली आ रहे थे। वह खुद ही परिचालक का काम करता है। बुधवार रात करीब सवा दो बजे बजे यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर टोल प्लाजा पहुंचे। तभी पीछे से आ रही दूसरी बस ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। जिससे उसकी बस का शीशा टूट गया। आरोप है कि तभी दूसरी बस से 4 लोग उतरे और उनके साथ गाली गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़ित, उसके भाई व उनकी बस के चालक अरविंद की पिटाई कर दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं उनका भाई चंद्रभान बेहोश हो गया। सभी को जेवर के कैलाश अस्पताल में एक्सप्रेसवे की एंबुलेंस ने भर्ती कराया। पुलिस ने मौके से आरोपियों को हिरासत में लिया। पीड़ित कदम सिंह की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित नरेंद्र सिंह, पंकज पवार व संजू निवासी किशनगढ़, दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया है।