खुद को दिल्ली क्राइम ब्रांच में अधिकारी बताकर वाहन चालकों से वसूली करने वाले एक गैंग का नोएडा सेक्टर-58 पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों कोरोना के कारण आंशिक कर्फ्यू में वाहन चालकों के कागजात, मास्क आदि की जांच करने के बहाने वसूली करते थे। पुलिस ने दोनों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
एसीपी द्वितीय रजनीश वर्मा ने बताया कि पुलिस ने महरौली, दिल्ली निवासी मोहम्मद अफसर और वाराणसी निवासी नीरज चौबे को रविवार रात के समय लेबर चौक के पास से गिरफ्तार किया। इनके पास से 4500 रुपये, आरसी, इंश्योरेंस, पॉल्यूशन, दो प्रेस आईडी, दिल्ली क्राइम व भ्रष्टाचार विरोधी मोर्चा के आई कार्ड और दो मोबाइल बरामद किए हैं।
आरोपियों ने बताया कि बिशनपुरा में रहने वाले विनोद को 20 मई को महामाया फ्लाईओवर पर बाइक चेकिंग के नाम पर रोक लिया था। उसके कागजात गलत बताकर 15 हजार रुपये की मांगे गए थे। मौके पर विनोद के पास पैसे नहीं थे तो आरोपियों ने उससे बाइक के कागजात ले लिए थे। इसके बाद रविवार रात को दोनों आरोपियों ने विनोद को पैसे लेकर लेबर चौक के पास बुलाया था, तभी कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस की टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।