माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। जीटी रोड हाईवे पर नांगल खेड़ी गांव के पास दिल्ली के मोबाइल व्यापारी के साथ लूटपाट करने के मामले दो आरोपियों मयंक उर्फ सूरज निवासी सूर्य नगर रोहतक व सन्नी निवासी कैथल को शुक्रवार शाम को सिवाह बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान उनके साथियों को गिरफ्तार करने और लूट के मामले को बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।
सीआईए-1 के कार्यकारी प्रभारी विजय ने बताया कि कैथल के सुधीर ने थाना सेक्टर-29 में 19 अक्तूबर को मुकदमा दर्ज कराया था। उनका कहना था कि उनकी दिल्ली के करोल बाग में मोबाइल की दुकान है। 19 अक्तूबर को वह दिल्ली से अपने चालक मोहित के साथ पानीपत आ रहे थे। रात को करीब साढ़े 12 बजे जीटी रोड पर नांगल खेड़ी गांव के पास काले रंग की स्कॉर्पियो ने उनका रास्ता रोक लिया था। इसके बाद स्कॉर्पियों में सवार तीन-चार युवक उतरे और उनकी कार की तरफ आने लगे। जिन्हें देखकर वह अपनी वैगनआर कार को मौके से छोड़कर भाग गए थे। इसके बाद आरोपी युवक उनकी कार को लेकर चले गए और कुछ दूरी पर कार छोड़ दी। लेकिन युवक कार से 10 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप व कपड़ों से भरा बैग ले गए थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की धरपकड़ शुरू कर दी थी। मामले की जांच सीआईए-1 को सौंपी गई थी। सीआईए-1 की टीम ने शुक्रवार शाम को दो आरोपी मयंक उर्फ सूरज और सन्नी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथियों के साथ वारदात करना स्वीकार किया है। पुलिस ने शनिवार को आरोपियों को अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान उनके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जाएंगे। साथ ही वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियों व लूट का माल बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।