-कुलपति ने हेल्थ इंडिया लिंक मशीन को लगाने के निर्देश दिए
-इस मशीन से लाभान्वित हो सकेंगे छात्र व स्टाफ के लोग
-विश्वविद्यालय में आयोजित किया गया हेल्थ स्क्रीनिंग कैंप
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय में जल्द ही छात्रों व स्टाफ के पांच मिनट में बीस स्वास्थ्य परीक्षण हो सकेंगे। विवि जल्द ही यह टेस्ट करने के लिए हेल्थ इंडिया लिंक मशीन लगाएगा। कुलपति ने इस तरह से टेस्ट करने के लिए इस मशीन को यूनिवर्सिटी के हेल्थ सेंटर में लगाने के निर्देश दिए हैं। जिससे कि छात्र और स्टाफ इससे लाभान्वित हो सकें।
आईपीयू के छात्र कल्याण निदेशालय ने मंगलवार को स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में काम करने वाली प्रमुख संस्था हील फाउंडेशन के साथ मिलकर एक हेल्थ स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया। कैंप का उद्घाटन करते हुए यूनिवर्सिटी के कुलपति पद्मश्री प्रो. डॉ. महेश वर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य हमारी बड़ी पूँजी है। स्वस्थ रहने के लिए जरूरी है कि हम समय-सय पर अपनी स्वास्थ्य जांच कराते रहें। नई-नई तकनीक के आने से अब हेल्थ स्क्रीनिंग की प्रक्रिया आसान हो गई है। कुलपति ने बताया कि हेल्थ स्क्रीनिंग के लिए इंडिया हेल्थ लिंक का प्रयोग किया गया जिसमें सिर्फ पांच मिनट में करीब 20 टेस्ट किए जा सकते हैं। इन टेस्ट में बॉडी-मास इंडेक्स, बोन मिनरल कांटेंट, बॉडी फैट, ईसीजी, प्रोटीन कांटेंट, समेत अन्य शामिल हैं।
इस अत्याधुनिक डिजिटल मशीन के माध्यम से इन टेस्ट की सटीकता से स्क्रीनिंग संभव है। लिहाजा उन्होंने इस मशीन को आईपीयू के हेल्थ सेंटर में लगाने के निर्देश दिए हैं। यूनिवर्सिटी छात्र कल्याण निदेशालय की निदेशक प्रो मनप्रीत कौर कंग ने बताया कि इस अत्याधुनिक मशीन से मंगलवार को करीब 60 लोगों की स्क्रीनिंग हो पाई। सौ से ज्यादा पंजीकृत लोगों की स्क्रीनिंग आज समयाभाव के कारण नहीं हो पाई। हील फांउडेशन के निदेशक डॉ. स्वदीप श्रीवास्तव ने कहा कि तकनीक ने कई स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को आसान बना दिया है।