सरेराह युवती को स्कॉर्पियो में खींचने की कोशिश
युवती से खींचतान कर रहे युवकों को देखकर भीड़ इकट्ठा हो गई और जाम लग गया
थाने पहुंच कर युवती ने कहा, वह कोई कार्रवाई नहीं चाहती, पुलिस ने शांति भंग में कार्रवाई की
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। थाना बीटा-2 क्षेत्र में सेक्टर-36 के पार्क के पास शनिवार की सुबह स्काॅर्पियो में सवार तीन युवकों ने ड्यूटी जा रही युवती को गाड़ी के अंदर खींचने की कोशिश की। लड़की से खींचतान कर रहे युवकों को देखकर भीड़ इकट्ठा हो गई और जाम लग गया। भीड़ में से कुछ लोगों ने आरोपियों के साथ मारपीट की। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गाड़ी सहित हिरासत में ले लिया। थाने पहुंच कर युवती जबरन खींचकर गाड़ी मे बैठाए जाने की बात से मुकर गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शांतिभंग (151) में कार्रवाई की है।
शनिवार की सुबह करीब 8.30 बजे पुलिस को किसी ने सूचना दी कि सेक्टर-36 के पास काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार कुछ लोग एक युवती को जबरन गाड़ी के अंदर खींचने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो भीड़ ने आरोपियों को गाड़ी सहित घेर रखा था। सभी आरोपियों को पुलिस थाने ले आई। पूछताछ के बाद पुलिस ने बताया कि जिला महोबा के थाना कुलपहाड़ के गांव सुगीरा का रहने वाला सोनू ग्रेटर नोएडा में फैक्टरी में काम करता है। इसी फैक्टरी में युवती भी काम करती है। दोनों एक दूसरे से परिचित हैं। शनिवार की सुबह युवती फैक्टरी जा रही थी। सेक्टर-36 के पार्क के पास से ही सोनू अपने दो दोस्तों के साथ स्कॉर्पियो से जा रहा था। युवती को देखते ही उसने गाड़ी रोकी और उतर कर उसका हाथ पकड़ कर कहा कि गाड़ी में बैठ जाओ।
दोनों पक्ष एक दूसरे से परिचित हैं। युवती ने कोई लिखित शिकायत नहीं दी है। पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर असहजता पैदा करने के चलते आरोपी युवकों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है। - अशोक कुमार, एडीसीपी, ग्रेटर नोएडा