शामली में रोडवेज बस अड्डे के सामने पलटा पड़ा ट्रक । संवाद
शामली। शहर के अजंता चौक के निकट रात में बाइक सवार को बचाने की कोशिश में लोहे के स्क्रैप से लदा ट्रक डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक घायल हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी ट्रक को हटवाया।
पंजाब निवासी विक्रम सिंह ट्रक में लोहे की स्क्रैप भरकर नोएडा से पंजाब जा रहा था। मंगलवार देर रात करीब 11 बजे वह दिल्ली रोड पर पहुंचा। उसी दौरान पेट्रोल पंप से तेल भरवाकर तेजी से जा रहे बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक विक्रम ट्रक से नियंत्रण खो बैठा और डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे में चालक विक्रम सिंह चोट लगने से घायल हो गया। इस दौरान ट्रक में लदा लोहे का सामान सड़क पर बिखर गया। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से भाग गया। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को सड़क से हटवाया। दुर्घटना में ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया।
इसके अलावा एक अन्य मामले में शहर के एमएसके रोड पर अज्ञात वाहन ने डिवाइडर में टक्कर मार दी, जिससे डिवाइडर क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन चालक मौके से भाग गया। आसपास मौजूद लोगों का कहना है कि डिवाइडर पर रात को चमकने वाली रेडियम की पट्टी नहीं लगाई गई है, जिस कारण अक्सर वाहन डिवाइडरों से टकराकर क्षतिग्रस्त होते रहते हैं।