Truck full of groceries overturned on Tawadu-Bilaspur road
तावडू। नगर पालिका की सीमा के अंतर्गत तावडू-बिलासपुर रोड पर परचून के सामान से भरा ट्रक डिवाइडर पर टकराकर पलट गया। इस दौरान ट्रक चालक और परिचालक बाल-बाल बच गए। ट्रक पलटने का मुख्य कारण डिवाइडर पर स्ट्रीट लाइट व रिफ्लेक्टर नहीं होना बताया गया है।
चालक अजरुद्दीन ने बताया कि डिवाइडर के ऊपर स्ट्रीट लाइट और किसी प्रकार का रिफ्लेक्टर नहीं होने के कारण अचानक गाड़ी उस पर चढ़ कर पलट गई। चालक ने बताया कि स्पीड ब्रेकर और जेब्रा क्रॉसिंग संकेतक नहीं होने और सामने से आ रही गाड़ी की लाइट के कारण उन्हें कुछ अंदाजा नहीं हो पाया। इस कारण दुर्घटना घटी है।
वहीं, स्थानीय निवासी भूप सिंह सहरावत, राकेश कुमार, हरदीप सिंह, सुरेश भारद्वाज आदि ने बताया कि गत 11 जुलाई को भी कार में सवार होकर बिलासपुर से मथुरा जा रहे आरएसएस के चार कार्यकर्ताओं की कार इसी डिवाइडर से टकराने के कारण पलट गई थी। इसके बाद 14 सितंबर को दो बाइक सवार अंधेरे के कारण रात में इस डिवाइडर से टकरा गए, जिन्हें गंभीर चोटों के कारण भिवाड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि 26-27 जुलाई की रात्रि स्थानीय प्रशासन की लापरवाही के कारण एक कार इस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। कार में बैठे तीन लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। लोगों का आरोप है कि इसके लिए उन्होंने कई बार नगरपालिका प्रशासन व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन इतने हादसे घटित होने के बाद भी स्थानीय प्रशासन कुंभकरण की नींद में सोया हुआ है। उनकी मांग है कि बिना देरी किए डिवाइडर के ऊपर नई लाइट का पोल रिफ्लेक्टर सहित लगाया जाए। साथ ही गति अवरोधक लगाकर जेब्रा क्रॉसिंग व संकेतक बोर्ड लगाएं, ताकि भविष्य में होने वाली इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके। इस बारे में जब भवन एवं लोक निर्माण विभाग के उपमंडल अधिकारी फजरूद्दीन से बात की तो उन्होंने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है। सर्वे करने वह जा रहे हैं, समस्या का तुरंत समाधान कराया जाएगा।
वहीं, तावडू नगर पालिका सचिव सुनील रंगा का कहना है कि मोहम्मदपुर रोड सहित पटौदी रोड की लाइट बदलने का कार्य चल रहा है। आगे इस प्रकार के हादसों से बचा जा सके। इसके लिए सबसे पहले पटौदी रोड डिवाइडर के ऊपर पोल लगाकर लाइट चालू कराई जाएगी।