नवंबर में थ्री कैट आई से लैस होगा रनवे, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को एटीसी टावर सौंपा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा।
नोएडा एयरपोर्ट के संचालन की नई तिथि दिसंबर तय होने के बाद अक्तूबर से ट्रायल रन शुरू होगा और नवंबर में अंतरराष्ट्रीय उड़ान के लिए जरूरी थ्री कैट आई से रनवे को लैस कर दिया जाएगा। साथ ही, टर्मिनल बिल्डिंग की छत पर लगने वाले स्टील का ढांचा (परलिन) तैयार करने के लिए वेंडर की संख्या 4 से बढ़ाकर 8 कर दी गई है। टर्मिनल बिल्डिंग की छत पर लगने वाले ढांचे का काम पूरा न होने की वजह से उड़ान में देरी हुई है।
दरअसल, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) टावर एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को सौंप दिया गया है। साथ ही, अब दिसंबर में उड़ान शुरू करने की कार्ययोजना पर विकासकर्ता कंपनी 15 जुलाई को रिपोर्ट देगी। दिसंबर में कोहरे आदि को देखते हुए उड़ान के लिए रनवे पर थ्री कैट आई जरूरी है। इसके लिए वन कैट आई के 30 दिन बाद ही इसका आवेदन होता है। ऐसे में अब अक्तूबर में ट्रायल के बाद दिसंबर में पूरी सुविधा के साथ ही एयरपोर्ट तैयार करने की कवायद है। विकासकर्ता कंपनी 15 जुलाई को अपनी कार्ययोजना पेश करेगी कि किस तरह परियोजना को दिसंबर तक पूरा कर उड़ान सेवा शुरू की जा सकती है।
-
टर्मिनल बिल्डिंग की छत पर लगने वाला ढांचा तैयार करने के लिए वेंडर की संख्या 4 से बढ़ाकर 8 कर दी गई है। अक्तूबर में एयरपोर्ट के ट्रायल रन की तैयारी है। -डॉ़ अरुणवीर सिंह, सीईओ, यीडा