नगीना (राजूद्दीन जंग)। बढ़ती जनसंख्या को देखते हुए मेवात विकास अभिकरण व जिला स्वास्थ्य विभाग ने दूरदराज के क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दौड़ आरंभ कर दी। नए बजट में इन योजनाओं को अमलीजामा पहनाने की कवायद है। नूंह मुख्यालय पर 100 बेड का नया अस्पताल और रेवासन गांव में ट्रामा सेंटर बनाने की योजना जिला प्रशासन की ओर से तैयार की गई है।
नूंह में नया अस्पताल बनने से राजा हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज पर बोझ कम हो जाएगा। कुंडली-मानेसर-पलवल हाइवे व गुरुग्राम-अलवर हाइवे पर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में घायलों के लिए रेवासन गांव में ट्रामा सेंटर बनाने की योजना बनाई गई है। मांडीखेड़ा अस्पताल में पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण ऐसा किया गया है। वहीं जिला अस्पताल अल आफिया मांडीखेड़ा से सिविल सर्जन कार्यालय को नूंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शिफ्ट किया जाना है। वहीं नगीना, घासेडा, पिनगवां, तिगांव को सीएचसी और रावली, साकरस, बदरपुर, घागस व अन्य गांवों में पीएचसी की सिफारिश हुई है। आयुष्मान गोल्ड बनाने में तेजी लाने और हेल्थ वेलनेस सेंटर बनाने पर जोर दिया गया है।
वर्जन-
रेवासन हाइवे पर ट्रामा सेंटर व नूंह के आसपास 100 बेड का नया अस्पताल बनाया जाना है। जिला अस्पताल मांडीखेड़ा की दूरी 25 किलोमीटर है, इसलिए सीएमओ आफिस नूंह सीएचसी में शिफ्ट होगा। - सुरेंद्र यादव, सिविल सर्जन नूंह
मेवात विकास अभिकरण व जिला स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से प्रत्येक गांव तक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना है, जिसे हरियाणा सरकार को भेजा गया है। इससे जिले वासियों को काफी फायदा मिलेगा। - धीरेंद्र खड़गटा, डीसी नूंह