संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। टीपीनगर में ट्रांसपोर्टर के कर्मचारियों को कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से पीटा। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी भाग गए। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी की। पीड़ित पक्ष ने टीपीनगर थाने पहुंचकर हंगामा किया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पड़ताल शुरू कर दी है। मारपीट का सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है।
दिल्ली चुंगी पर सत्यम और शिवम अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनका टीपीनगर में विन जर्नल के नाम से ट्रांसपोर्ट का काम है। सत्यम ने बताया कि वह सुबह अपने कार्यालय पर बैठे हुए थे। इसी दौरान परतापुर के कुंडा गांव का रहने वाला प्रशांत पास में वेज बिरयानी की दुकान पर गया था। इस दौरान वहां पर पड़ोस में रहने वाले एक युवक से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद मामला निपट गया था। आरोप है कि मोलू शर्मा और रितिक अपने दस साथियों के साथ लाठी-डंडे लेकर आए और प्रशांत की पिटाई कर दी।
प्रशांत का बचाव करने के लिए जो भी आया। उसको भी पीटा गया। आरोपियों ने एक बुजुर्ग को भी पीटा। ट्रांसपोर्टर एकत्र होकर टीपी नगर थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। पुलिस ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिसके बाद ही मामला शांत हुआ। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।