धारूहेड़ा। सैयद कॉलोनी में रविवार सुबह एक ट्रांसपोर्टर ने फंदा लगाकर जान दे दी। मृत धर्मपाल मूलरूप से महेंद्रगढ़ के भालखी गांव के रहने वाले थे। धारूहेड़ा की सैयद कॉलोनी में किराये पर रहते थे। ट्रांसपोर्टर की जेब से एक पर्ची मिली है। इसमें करीब ढाई करोड़ की लेनदारी की बात लिखी है। रविवार सुबह जब परिवार के सदस्य कमरे में गए तो धर्मपाल को फंदे पर लटका पाया गया।
बेटे महेश की शिकायत पर धारूहेड़ा पुलिस ने संबंधित कंपनी, मैनेजर और सुसाइड नोट में उल्लिखित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। सुसाइड नोट में धर्मपाल ने आत्महत्या का कारण ढाई करोड़ रुपये से अधिक की उधारी न मिलना बताया है। नोट में उन्होंने एक कोरियर कंपनी पर लगभग एक करोड़ रुपये बकाया होने का दावा किया है। इसके अतिरिक्त कंपनी के मैनेजर पर 50 लाख रुपये उधार लेकर वापस न करने और एक अन्य व्यक्ति पर एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि न लौटाने का गंभीर आरोप लगाया गया है।
धर्मपाल धारूहेड़ा में महेश ट्रांसपोर्ट के नाम से अपना कार्यालय चलाते थे। सुसाइड नोट में उन्होंने अपनी आठ गाड़ियों और कार्यालय में काम करने वाले एक युवक का भी जिक्र किया है। थाना प्रभारी एसआई कश्मीर ने बताया कि बेटे के बयान पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।