नोएडा। परिवहन विभाग की ऑनलाइन सेवाओं का सर्वर डाउन होने से मंगलवार को कार्यालय में काम कराने पहुंचे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ऐसे में ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन संबंधी दस्तावेज और अन्य काम कराने पहुंचे आवेदकों की लंबी कतार लग गई।
सेक्टर-32ए स्थित परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, विभाग की अधिकांश सेवाएं ऑनलाइन प्रक्रिया से जुड़ी हैं। सर्वर में तकनीकी समस्या आने के कारण आवेदन और दस्तावेजों से संबंधित प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। इससे दूरदराज से पहुंचे लोगों को भी इंतजार करना पड़ा। कुछ आवेदकों ने बताया कि काम नहीं होने की स्थिति में उन्हें दोबारा कार्यालय आना पड़ सकता है। दोपहर तक विभागीय परिसर में भीड़ रही। काउंटर पर कर्मचारियों की ओर से सर्वर बहाल होने का इंतजार करने की बात कही गई। इससे लोगों को यह स्पष्ट नहीं हो सका कि उनका काम कब तक पूरा होगा। आवेदकों का कहना है कि ऑनलाइन व्यवस्था होने के बावजूद तकनीकी खराबी की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने से परेशानी बढ़ जाती है। ब्यूरो