आज सड़कों पर नहीं दौड़ेंगे व्यावसायिक वाहन
नोएडा। नये मोटर वाहन अधिनियम के विरोध में ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन आज हड़ताल पर रहेगा। इस वजह से नोएडा की सड़कों पर व्यावसायिक वाहन नहीं चलेंगे। इससे आम यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है। वहीं, हालात के मद्देनजर नोएडा के ज्यादातर स्कूलों में छुट्टी का एलान किया गया है। हालांकि, जिन स्कूलों में परीक्षाएं चल रही हैं, वह खुले रहेंगे। ऑटो यूनियन, कैब एसोसिएशन, डंपर यूनियन, क्रेन, बस एसोसिएशन समेत अन्य ट्रांसपोर्टर्स ने हड़ताल को समर्थन दिया है। नोएडा सीएनजी ऑटो चालक एसोसिएशन के अध्यक्ष ओमप्रकाश गुर्जर ने कहा कि सभी ऑटो चालकों ने हड़ताल का समर्थन किया है। परिवहन विभाग में करीब 19 हजार ऑटो पंजीकृत हैं। ये ऑटो सड़क पर नहीं उतरेंगे। हड़ताल के कारण शहर के कई स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। एसोसिएशन का कहना है कि भारी भरकम चालान ने ट्रांसपोर्टरों की कमर तोड़ रखी है। अधिनियम में संशोधन या चालान राशि कम करने की मांग को लेकर पूरे शहर में बृहस्पतिवार को ट्रांसपोर्ट बंद रहेगा। ट्रांसपोर्टर अशोक चौहान ने बताया कि ट्रांसपोर्ट मंदी की मार झेल रहे हैं। चालान बढ़ने से ट्रांसपोर्ट बंद करने की स्थिति पैदा हो गई है।
बढ़े जुर्माने ने तोड़ी कमर
ओमप्रकाश ने बताया कि नये मोटर वाहन कानून से बढ़े कई गुना जुर्माने के साथ ही बढ़ी बीमा राशि व आरएफआइडी टैग की अनिवार्यता समेत अन्य मुद्दों को लेकर ट्रक, टैम्पों, बस, आटो, कैब, टैक्सी समेत अन्य सार्वजनिक व व्यावसायिक वाहन समेत 51 संगठनों ने एक दिवसीय हड़ताल की घोषणा की है। इसमें 25 हजार ट्रक, 35 हजार ऑटो, 50 हजार के करीब टैक्सी व कैब के साथ स्कूली बसें और कैब शामिल हैं।