एसआईआर-2026 अभियान को लेकर अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण
- 14 जून तक चलेगा प्रशिक्षण चरण, बीएलओ घर-घर जाकर करेंगे मतदाताओं का सत्यापन
- 21 जुलाई को प्रकाशित होगी प्रारूप मतदाता सूची, 18 सितंबर तक दर्ज होंगी आपत्तियां
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के लिए लघु सचिवालय में एडीसी सोनू भट्ट की अध्यक्षता में प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ। इसमें ईआरओ, एआरओ, अतिरिक्त एईआरओ व अन्य अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
इलेक्शन तहसीलदार राजेंद्र हुड्डा ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के लिए 1 जुलाई 2026 की तिथि निर्धारित की गई है। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के पात्र होंगे। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण चरण 14 जून तक चलेगा जिसमें निर्वाचन अधिकारियों, बीएलओ और राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों को पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।
प्रशिक्षण के बाद बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाएंगे, फोटो अपडेट करेंगे और हस्ताक्षर लेकर फॉर्म प्राप्त करेंगे। नए मतदाताओं के लिए फॉर्म-6 भी उपलब्ध कराया जाएगा। मतदाता ऑनलाइन आवेदन भी कर सकेंगे।
राजेंद्र हुड्डा ने बताया कि 14 से 26 जून तक जिले के सभी मतदान केंद्रों का रैशनलाइजेशन किया जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी मतदान केंद्र पर 1200 से अधिक मतदाता न हों और किसी मतदाता को मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए दो किलोमीटर से अधिक दूरी तय न करनी पड़े। 21 जुलाई 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 21 जुलाई से 18 सितंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। पात्र मतदाताओं के दावों का निपटारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, 1 जुलाई 1987 से पूर्व जन्मे नागरिकों को एक मान्य दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा। 1 जुलाई 1987 से 2 दिसंबर 2004 के बीच जन्मे व्यक्तियों को अपना एक दस्तावेज और माता या पिता में से किसी एक का दस्तावेज देना होगा। 2 दिसंबर 2004 के बाद जन्मे आवेदकों को अपना एक दस्तावेज तथा माता-पिता दोनों के दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। उन्होंने बताया कि बीएलओ प्रत्येक मतदाता तक पहुंचने के लिए कम से कम तीन बार घर-घर संपर्क करेंगे। राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट भी मतदाताओं को फॉर्म भरने और दस्तावेज जमा कराने में सहयोग करेंगे।
15.55 लाख पंजीकृत मतदाता
वर्तमान में गुरुग्राम जिले में 15 लाख 55 हजार 39 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें से 5 लाख 46 हजार 970 मतदाताओं की मैपिंग की जा चुकी है, जो कुल मतदाताओं का 35.17 प्रतिशत है। जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में 251 नए मतदान केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। विशेष रूप से ग्रुप हाउसिंग और हाईराइज सोसायटियों में अलग मतदान केंद्र स्थापित करने पर जोर दिया जा रहा है। इस अवसर पर एडिशनल कमिश्नर एमसीजी यश जलुका, एडिशनल कमिश्नर एमसीजी रविंद्र यादव, एसडीएम संजीव कुमार, हितेंद्र कुमार, अखिलेश कुमार, एईआरओ-1 पटौदी रोहताश, एईआरओ-1 सोहना जसवंत सिंह, एईआरओ-2 पटौदी मोहम्मद खान, एईआरओ-2 बादशाहपुर महेंद्र सिंह, एईआरओ-2 गुरुग्राम सुरेंद्र भारद्वाज समेत अन्य उपस्थित रहे।