दीपावली से पहले शुरू होगा गौड़ अंडरपास
- फोटो : अमर उजाला
ग्रेटर नोएडा में दीपावली से पहले गौड़ अंडरपास को शुरू करने के लिए ग्रेनो प्राधिकरण नोएडा से ग्रेनो वेस्ट को जोड़ने वाली सड़क को बनाना शुरू करेगा। इसके लिए करीब 50 प्रतिशत मुख्य सड़क को ट्रैफिक की आवाजाही के लिए दोनों तरफ बंद किया जाएगा। जाम की आशंका को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस से भी डायवर्जन में सहयोग के लिए पत्र ग्रेनो प्राधिकरण ने लिखा है।
वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर का कहना है कि करीब एक महीने तक अंडरपास के ऊपर की सड़क को बनाने का काम चलेगा। सड़क को फाइनल करने के लिए बड़े हिस्से को बंद करने की जरूरत होगी। ऐसे में ट्रैफिक को एक लेन से ही गुजारा जा सकेगा। पहले सड़क की सफाई और फिर पेवमेंट वर्क लिए वाहनों को रोकना जरूरी है। शुक्रवार की सुबह से बेरीकेड कर यहां काम शुरू करा दिया जाएगा।
गौड़ चौक से रोजाना लाखों लोग नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद की ओर आवाजाही करते हैं। ऐसे में वाहनों के दबाव बढ़ने पर जाम की स्थिति बन सकती है। लोगों को असुविधा कम हो। इसके लिए आंशिक डायवर्जन करते हुए वाहनों को गुजारा जा सकेगा। डीसीपी ट्रैफिक को भेजे गए पत्र में भी निर्माण स्थल के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की मांग की गई है। जिससे ट्रैफिक को नियंत्रित करने में मदद मिल सके। चौराहे पर जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों की तत्काल व्यवस्था करने को कहा गया है।
वैकल्पिक रूट का उपयोग करें
वाहन चालकाें से भी मांग की गई है कि गौड़ चौक की ओर जाने वाले वाहन चालक जाम से बचने के लिए आसपास के वैकल्पिक रास्तों का प्रयोग करें। व्यस्त समय के दौरान मार्ग पर वाहनों की गति धीमी रह सकती है। इसलिए अपनी यात्रा के लिए पर्याप्त अतिरिक्त समय लेकर निकलें। कार्य स्थल के पास तैनात यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का सख्ती से पालन करना अनिवार्य है। यह सहयोग यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहायक होगा।