28 सीकेटीपी-13- परिचय- अमावस्या के एक दिन पूर्व रामघाट पर पहुंचने लगे श्रद्धालु । संवाद
- फोटो : reasi news
चित्रकूट। मार्गशीर्ष अमावस्या पर धर्मनगरी में आस्था का जनसैलाब उमड़ेगा। इस बार अमावस्या बुधवार से गुरुवार दोपहर तक रहेगी। ऐसे में एक दिन पहले मंगलवार को ही श्रद्धालु उमड़ने लगे थे। रामघाट समेत मंदिरों-मठों में श्रद्धालुओं का जमावड़ा देखा जा रहा है। अमावस्या मेला में तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने संभावना है। मार्गशीर्ष अमावस्या पर 19 व 20 नवंबर को मेला क्षेत्र में सुबह 6 बजे से रात्रि 12 बजे तक भारी वाहनों के आने जाने पर प्रतिबंध रहेगा। इसमें आवश्यक वस्तुओं लेकर चलने वाले वाहनों पर छूट रहेगी।
यातायात प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि प्रयागराज से बांदा की ओर जाने वाले बडे़ वाहन बोड़ी पोखरी चौराहे से राजापुर होते हुए बांदा की तरफ जाएंगे। सतना की तरफ जाने वाले बोड़ी पोखरी चौराहा से सरैया, मारकुंडी तिराहा, मानिकपुर होकर सतना की तरफ जाएंगे।सतना की ओर आने वाले वाहन बड़ी पाटिन तिराहे से चौराहे से होकर बोड़ी पोखरी चौराहे से होते हुए प्रयागराज के लिए निकलेंगे। राजापुर से आने वाले बडे़ वाहन पहाड़ी से अतर्रा होकर बांदा की तरफ जाएंगे।
बांदा से प्रयागराज जाने वाले वाहन जीरो प्वाइंट से बबेरू, कमासिन, राजापुर होकर प्रयागराज व कौशांबी जाएंगे। दो पहिया एवं हल्के वाहन जानकी कुंड एवं सतना की तरफ जाएंगे। प्रात: 6 बजे नो इंट्री बैरियरों से प्रवेश किए हुए भारी माल वाहन हर हाल में सुबह 6 बजकर 30 मिनट तक निकल जाएंगे।
वैसे तो हर मास अमावस्या पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। इसे लेकर एक दिन पहले ही श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस बार बुधवार को मार्गशीर्ष अमावस्या पड़ रही है। इस अमावस्या का अपना अलग महत्व है। इस दिन रामघाट में डुबकी लगाने के लिए जत्थों में श्रद्धालु एक दिन पहले ट्रेनों, बसों या फिर निजी वाहनों से धर्मनगरी पहुंचने लगे। डीएम पुलकित गर्ग व एसपी अरुण कुमार सिंह ने पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दे रखे थे।मेला क्षेत्र में विशेष सफाई व्यवस्था के संग 24 घंटे बिजली की आपूर्ति होनी चाहिए। सुरक्षा के लिए प्रमुख चौराहो,बस स्टैंड, सहित तीर्थ स्थानों में पुलिस तैनात रहें।