स्कूली की 47 वाहन पर चालान
पलवल। पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला के निर्देश पर जिले में स्कूली बसों और वैन की सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले 47 वाहनों के चालान किए गए, जिनमें 32 स्कूली बस और 15 वैन शामिल रहीं। इन पर करीब 25,000 का जुर्माना भी लगाया गया। इस दौरान यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक जगबीर सिंह व अन्य पुलिस टीमों ने सभी बसों में फर्स्ट एड बॉक्स, सीसीटीवी कैमरे और अग्निशामक यंत्र की जांच की। टीमों ने बस चालकों को चेतावनी दी कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन या नशे का सेवन किसी भी हालत में न करें।
जगबीर सिंह ने ड्राइवरों को समझाया कि बसें हमेशा बाईं लेन में चलाएं और बच्चों को बैठाने या उतारने के लिए सही तरीके से सड़क किनारे रोकें। उन्होंने यातायात नियमों जैसे जेब्रा क्रॉसिंग से पहले रुकना, सफेद लाइन के पीछे वाहन खड़ा करना, तय गति सीमा में गाड़ी चलाना और मोड़ने से पहले इशारा करना अनिवार्य बताया। एसपी वरुण सिंगला ने साफ कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि किसी भी बस में फर्स्ट एड बॉक्स, कैमरे व अग्निशामक यंत्र नहीं मिले या क्षमता से अधिक बच्चे बैठाए गए, तो स्कूल प्रबंधन और चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा “बच्चे देश का भविष्य हैं, उनकी जिंदगी से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।