-प्राधिकरण का कहना है, चालू रहेगा ट्रैफिक संचालन, अंडरपास का काम भी साथ में चलेगा
फोटो
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में जाम से राहत देने के लिए चार मूर्ति चौक के निर्माणाधीन अंडरपास के ऊपर से ट्रैफिक की आवाजाही शुरू हो गई है। जरूरी ट्रायल के बाद अब ग्रेनो प्राधिकरण ने यहां वाहनों की आवाजाही शुरू करा दी है। बुधवार को ट्रैफिक शुरू होने की वजह से जाम से भी लोगों को राहत रही।
प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने बताया कि चार मूर्ति अंडरपास की छत का काम पूरा हो चुका था। इसके बाद पिछले दिनों निरीक्षण करने गए सीईओ एनजी रवि कुमार ने यहां ट्रैफिक शुरू कराने के निर्देश दिए थे। जरूरी ट्रायल के बाद अब अंडरपास के ऊपर सड़क बनाने का काम करा दिया गया है। इसके बाद अब वाहनों की आवाजाही भी शुरू हो गई है। इस अंडरपास के ऊपर से ग्रेटर नोएडा से नोएडा की तरफ और वापसी में नोएडा से ग्रेटर नोएडा की तरफ वाहन आ जा सकेंगे। ऐसे में दोनों तरफ से आने-जाने वाले वाहनों को जाम से राहत मिल सकेगी। अधिकारियों का कहना है कि अंडरपास को अभी शुरू करने में समय लगेगा। लेकिन ट्रैफिक की आवाजाही के बीच अंडरपास के अंदर जरूरी काम चालू रहेंगे। प्राधिकरण की कोशिश यही है कि अगले छह महीने में काम पूरा कर अंडरपास से भी वाहनों की आवाजाही शुरू करा दी जाए। इससे ग्रेनो वेस्ट की 60 मीटर सड़क से गाजियाबाद और गौर सिटी की तरफ आवाजाही सुगम हो जाएगी।