-प्रभारी मंत्री बोले, जागरूक करने को जनप्रतिनिधि लोगों के बीच जा रहे
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। जीएसटी में हुए बदलाव और बचत उत्सव के फायदे आमजन तक पहुंचें। इसको भाजपा सरकार सुनिश्चित कराएगी। जनप्रतिनिधियों के अलावा पार्टी पदाधिकारी भी इसके लिए बाजारों में जाकर दुकानदार और ग्राहकों से मिल रहे हैं। 29 सितंबर तक अभियान की तरह सभी इस जागरूकता अभियान को जारी रखेंगे।
बुधवार को वाईएमसीए में आयोजित प्रेसवार्ता में यह जानकारी गौतमबुद्धनगर के प्रभारी मंत्री ब्रजेश सिंह ने दी। उनका कहना है कि जीएसटी के रूप में 17 सितंबर को बड़ा बदलाव हुआ। दीपावली के तोहफे के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केवल दो जीएसटी स्लैब कर आवश्यक वस्तुओं पर लगने वाले टैक्स को कम कर कीमतों को कम करने का काम किया।हमारी सरकार का उद्देश्य है कि इसका लाभ देश के हर नागरिक तक पहुंचे। विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि जीएसटी सुधार देश की अर्थव्यवस्था को सरल और स्थिर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। प्रभारी मंत्री के साथ बाजारों में जाकर उन्होंने लोगों से अपील की कि इस प्रणाली का पूरा अध्ययन करें और सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं का उपयोग करें। इस दौरान जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिला पंचायत सदस्य देवा भाटी, भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण शर्मा, मीडिया प्रभारी कर्मवीर आर्य व अन्य मौजूद रहे।