2025 में 1,20,087 वाहन चालकों के काटे चालान और जुर्माना भी लगाया
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। प्रदूषण फैलाने वाले 1,20,087 वाहन चालकों पर दिसंबर 2025 तक यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए यातायात विभाग ने कई विशेष अभियान चलाए। इस दौरान वैध प्रदूषण प्रमाण पत्र (पीयूसीसी) के बिना सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों के चालान काटे गए और भारी जुर्माना भी लगाया गया। वहीं, 2024 में पुलिस ने 48,282 वाहन चालकों पर नकेल कसी थी।
प्रदूषण के मामले में शहर की स्थिति खासा अच्छी नहीं है। प्रदूषित वातावरण से स्वास्थ्य पर खराब होने से शहरवासी बीमारी की भी चपेट में आ रहे हैं। इसी को नियंत्रित करने के लिए यातायात पुलिस प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर कार्रवाई कर रही है। इनमें दोपहिया, चारपहिया और व्यावसायिक वाहन शामिल हैं। कई वाहन ऐसे भी पाए गए जिनका प्रदूषण स्तर निर्धारित मानकों से अधिक था, जबकि कुछ वाहन बिना प्रदूषण सर्टिफिकेट के ही संचालित हो रहे थे। यातायात पुलिस के अनुसार 2024 में 48,282 और 2025 में 1,20,087 वाहन चालकों पर नकेल कसी गई। कुल 1,68,166 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
लगातार किया जा रहा जागरूक
यातायात पुलिस के अनुसार लगातार वाहन चालकों को जागरूक किया जा रहा है ताकि नियमों का पालन हो और आवागमन बेहतर रहे। चौक-चौराहों और विद्यालयों में जाकर भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। बगैर पीयूसी के वाहन दौड़ाने वाले चालकों को भी खासा जागरूक किया जा रहा है। इन वाहनों से निकलने वाला धुआं मनुष्य के स्वास्थ्य पर बेहद खराब प्रभाव डालता है।
नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकोंं पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। वाहन के लिए पीयूसीसी होना बेहद जरूरी है। नियमित समय में जांच कराकर पीयूसीसी कराना जरूरी होता है। -मनीषा सिंह, डीसीपी यातायात पुलिस।