- ट्रैफिक पुलिस ने तैयार किया विशेष प्लान, जरूरत पड़ने पर लागू होगी व्यवस्था कालिंदीकुंज, हिंडन और अन्य घाटों के रास्तों पर रहेगी नजर
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। छठ महापर्व पर रविवार को डूबते और सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इस दौरान शहर के विभिन्न छठ घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने कालिंदीकुंज, नोएडा स्टेडियम सेक्टर-21ए और हिंडन नदी समेत प्रमुख घाटों के आसपास दो दिनों के लिए डायवर्जन प्लान तैयार किया है। डीसीपी ट्रैफिक सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि बड़े आयोजनों वाले स्थानों के लिए अलग-अलग यातायात व्यवस्था बनाई गई है। जरूरत पड़ने पर रास्तों में बदलाव लागू किया जाएगा। यमुना तट पर बने घाटों पर भीड़ को देखते हुए कालिंदीकुंज और आसपास भारी वाहनों की आवाजाही पर विशेष नजर रखी जाएगी। इसके लिए यातायात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन
- नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से कालिंदीकुंज: कालिंदीकुंज की ओर जाने वाले वाहनों को चरखा गोलचक्कर से दलित प्रेरणा स्थल की ओर भेजा जाएगा। यहां से वाहन चालक डीएनडी या चिल्ला बॉर्डर होकर आगे जा सकेंगे।
- सेक्टर-37 से कालिंदीकुंज: इस मार्ग से आने वाले वाहनों को महामाया फ्लाईओवर के लूप से उतारकर दलित प्रेरणा स्थल की ओर भेजा जाएगा। यहां से डीएनडी या चिल्ला बॉर्डर होकर गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
- सूरजपुर से कुलेसरा और फेस-2: इस ओर आने वाले वाहनों को कच्ची सड़क तिराहे से चौगानपुर गोलचक्कर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वाहन बिसरख गोलचक्कर होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
- फेज-2 से हिंडन नदी: हिंडन नदी की ओर जाने वाले वाहनों को फेज-2 के पास से ककराला की ओर भेजा जाएगा। यहां से सोरखा और बिसरख गोलचक्कर होकर आगे जा सकेंगे।
- किसान चौक से पर्थला गोलचक्कर: इस ओर आने वाले वाहनों को बिसरख की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। यहां से सोरखा और पर्थला गांव के सामने एफएनजी मार्ग होकर जा सकेंगे।
- पर्थला से किसान चौक: किसान चौक की ओर जाने वाले वाहनों को सिग्नेचर ब्रिज के नीचे से सोरखा की ओर भेजा जाएगा। यहां से बिसरख होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।