माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर में दशहरा के दौरान पुतला दहन, रामलीला के आयोजन समेत रैनीवेल की जलापूर्ति की लाइन की मरम्मत समेत मूर्ति विसर्जन के कारण कई जगह रूट डायवर्जन किया गया। इसके कारण उन स्थानों पर शहरवासियों को वैकल्पिक मार्गों से अपने गंतव्य को जाना पड़ा। वहीं, शाम को हुई बारिश ने शहरवासियों की परेशानी और बढ़ा दी। ऐसे में लोगों को कुछ स्थानों पर जाम का सामना करना पड़ा।
ट्रै्फिक पुलिस के अनुसार सेक्टर 21ए स्थित रामलीला मैदान, सेक्टर 62 और महर्षि नगर के आसपास कुछ समय के लिए डायवर्जन किया गया था। इसी तरह परीचौक से डीएनडी मार्ग पर रैनीवेल की जलापूर्ति लाइन की मरम्मत के लिए दलित प्रेरणा स्थल गेट नंबर-1 के सामने सड़क के किनारे लगभग दो मीटर भाग को काटा गया। इस मार्ग पर बॉटलनेक की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना के कारण ट्रैफिक धीमा रहा। साथ ही उस रूट से गुजरने वाले वाहनों को महामाया फ्लाइओवर से मोड़ा गया, इसके कारण ट्रैफिक पर दबाव पड़ा और सुबह व शाम के दौरान कुछ देर के लिए वाहन रेंगते हुए नजर आए।
इसी तरह मूर्ति विसर्जन के लिए किए गए डायवर्जन के दौरान भी वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को कुछ देर के लिए जाम का सामना करना पड़ा। पुलिस जगह-जगह जाम खुलवाती नजर आई।