ट्रेड शो ने रोजगार के नए द्वार खोले: राज्य सूचना आयुक्त
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के राज्य सूचना आयुक्त वीरेन्द्र सिंह वत्स रविवार को ट्रेड शो पहुंचे। वहां उन्होंने सभी स्टॉल का भ्रमण कर प्रदेश के उत्पादों को जायजा लिया। उन्होंने कहा कि ट्रेड शो का बढ़ता आकार और जनता की भीड़ नई उम्मीद जगाने वाली हैं। ट्रेड शो में प्रदर्शित नए-नए उत्पाद रोजगार के नए द्वार खोल रहे हैं। राज्य सूचना आयुक्त ने ट्रेड शो परिसर में विशेष रूप से उत्तर प्रदेश पुलिस, पर्यटन, ओडीओपी, नोएडा प्राधिकरण, नमामि गंगे, जेसीएस हनी और विभिन्न कार कंपनियों के स्टालों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि ट्रेड शो की अवधि बढ़ाई जानी चाहिए। ताकि इसका फायदा ज्यादा लोगों तक पहुंच सके। ब्यूरो
शाम 8 बजे तक स्टॉल पर रहने की अपील
ग्रेटर नोएडा। प्रदेश के एमएसएमई मंत्री राकेश सचान ने ट्रेड शो में आने वाले सभी एग्जीबिटर्स से कहा है कि अंतिम दिन समापन समारोह दोपहर में हो जाएगा, लेकिन मेला रात 8 बजे तक चलेगा। समारोह के बाद कोई भी एग्जीबिटर्स अपने उत्पाद नहीं समेटेंगे। अपील की है कि वो रात आठ बजे तक अपने स्टॉल खोले रखें। ताकि लोग ट्रेड शो में आ सके।
ट्रेड शो में बुंदेली गीतों ने बांधा समा
ग्रेटर नोएडा (संवाद)। ट्रेड शो के चौथे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम में बुंदेली गीत, लोक गीत व भजनों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। इसमें कलाकारों ने कला के माध्यम से देश-विदेश से आए मेहमानों के सामने भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में ललितपुर के जितेंद्र कुमार ने बुंदेली गायन की प्रस्तुति समा बांध दिया। मोहिनी ने राई-सैरा लोकनृत्य कर दर्शकों को अंगुली दबाने पर विवश कर दिया। मंच पर कलाकारों की अदायगी इतनी मनोहारी थी कि उपस्थित लोग देर तक तालियां बजाते रहे। सभी ने यूपी की कला, संस्कृति और परंपराओं से जुड़े इस रंगारंग आयोजन का लुत्फ उठाया।