दनकौर। बिलासपुर कस्बे के रहने वाले एक मजदूर से साइबर ठगों ने करीब साढ़े आठ हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने मंगलवार को कोतवाली की साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित मजदूर अशोक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार दोपहर उनके पास अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर खुद को उनका दूर का परिचित बताया। आरोपी ने भरोसा दिलाते हुए कहा कि वह उनके खाते में 15 हजार रुपये भेज रहा है। कुछ देर बाद फर्जी एसएमएस भेजकर रकम ट्रांसफर होने का झांसा दिया। आरोपी ने फोन पर बातचीत के दौरान रुपये वापस करने के लिए कहा।
पीड़ित ने झांसे में आकर आरोपी द्वारा बताए गए खाते में करीब साढ़े 8 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में अपना बैंक बैलेंस चेक किया, तो पता चला कि खाते में कोई रकम नहीं आई थी। साइबर सेल से अनुराग मिश्रा ने बताया कि क्षेत्र में साइबर अपराध के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। लोगों को अनजान कॉल और फर्जी संदेशों से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने अपील की कि किसी भी संदिग्ध लेनदेन से पहले पूरी जानकारी कर लें।