- कंट्रोल रूम से होगी निगरानी, दो पालियों में करीब 7000 अभ्यर्थी होंगे शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। जिले में उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा (बीएड) को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के 20 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली परीक्षा में करीब सात हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के दौरान तकनीकी निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) राजेश कुमार सिंह ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से परीक्षा की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। इसके अलावा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती होगी। परीक्षा की निगरानी के लिए एडीएम कार्यालय में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इस कंट्रोल रूम से सभी परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर रियल टाइम नजर रखी जाएगी। किसी भी केंद्र पर गड़बड़ी या शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश जारी कर दिए गए हैं।
डीआईओएस ने बताया कि यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी। इसके लिए परीक्षा केंद्रों पर अनावश्यक व्यक्तियों का प्रवेश वर्जित रहेगा। साथ ही, मोबाइल या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट को केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।