बकाया जमा नहीं करने पर प्राधिकरण राहत पैकेज वापस लेगा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। बिल्डरों के लिए बकाया राशि जमा करने का शुक्रवार को आखिरी दिन है। पैसा जमा नहीं करने पर प्राधिकरण राहत पैकेज वापस ले लेगा। प्राधिकरण चेयरमैन दीपक कुमार के निर्देश के बाद 43 बिल्डर परियोजनाओं के लिए नोटिस जारी किए गए थे।
नोएडा में 57 बिल्डर परियोजनाओं में से 6 का बकाया जीरो पीरियड का लाभ मिलने पर समाप्त हो गया है। आठ बिल्डर परियोजनाओं के डेवलपर ने पैसा जमा कर दिया है। शेष बिल्डरों को नोटिस जारी किए गए थे लेकिन किसी भी ने बकाया जमा नहीं किया। शुक्रवार को पैसा जमा करने का अंतिम दिन है। ऐसे में एक नवंबर से मिलने वाली राहतों को हटा लिया जाएगा। हालांकि, अंतिम निर्णय शासन स्तर पर लिया जाएगा। प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि अमिताभकांत समिति की सिफारिशों के तहत यूपी सरकार ने 21 दिसंबर 2023 को शासनादेश जारी किया था। इसके बाद प्राधिकरण ने पहले चरण में उन 57 बिल्डर परियोजनाओं को शामिल किया जिनका किसी न्यायालय में मामला विचाराधीन नहीं था। मार्च-अप्रैल 2024 से बिल्डरों ने बकाया जमा करवाना शुरू कर दिया था।
अधिकारियों ने बताया कि 57 में से जिन 35 बिल्डरों ने कुल बकाया में से 25 प्रतिशत राशि जमा की है वह आगे किस्तें नहीं दे रहे जबकि 100 करोड़ रुपये तक के बकायेदार को एक साल में पूरी राशि जमा करनी थी। इनके अलावा 12 परियोजनाओं के बिल्डरों ने कुछ-कुछ बकाया राशि जमा की है। करीब दस बिल्डरों ने कोई बकाया जमा नहीं किया। इन 57 परियोजनाओं के बिल्डरों पर प्राधिकरण के करीब नौ हजार करोड़ रुपये बकाया हैं।