आज मेरे यार का बर्थडे...बीयर की बोतल खोल स्टंट करते तीन गिरफ्तार
- सोशल मीडिया के कई प्लेटफॉर्म पर वायरल हुई वीडियो, लोगों ने पुलिस से कार्रवाई की अपील की
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। आज मेरे यार का बर्थडे, गाने पर बीयर की बोतल खोलकर स्टंट करने वाले युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद फेज वन थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वीडियो बृहस्पतिवार रात से सोशल मीडिया के तमाम प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रही बोलेरो को भी सीज कर दिया गया है। वीडियो वायरल होने के बाद यूजर ने कमिश्नरेट पुलिस के अधिकारियों को टैग कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
पकड़े गए युवकों की पहचान पर्थला निवासी सुनील टांक, सेक्टर-10 निवासी अरुण उर्फ चिंदी और हरौला निवासी रोहित सिंह के रूप में की गई है। वायरल वीडियो में युवक गाड़ी की छत पर चढ़कर बीयर की बोतल खोलकर फिल्मी अंदाज में डांस कर रहे अपने दोस्तों पर फेंक रहा है। वहीं, उसके दोस्त गाड़ी के साथ खड़े होकर डांस कर रहे हैं। इस दौरान गाड़ी में लगे हूटर का भी इस्तेमाल युवक कर रहे हैं। वीडियो में साफ दिख रहा है कि सभी युवक नशे में हैं। सभी टी शर्ट उतारकर सड़क पर डांस कर रहे हैं। हालांकि इस दौरान कोई अन्य गाड़ी आते-जाते नहीं दिख रही है। वीडियो देर रात का बताया जा रहा है। वीडियो में दिख रहे अन्य युवकों की भी पहचान की जा रही है।