एनसीईआरटी की नकली किताबें बेचने पर प्रकाशक समेत दो पर केस
-एनसीईआरटी के संपादक की शिकायत पर सेक्टर-24 थाना पुलिस ने की कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नेशनल काउंसलिंग ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (एनसीईआरटी) की नकली किताबें बेचने पर प्रकाशक समेत दो के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। एनसीईआरटी के संपादक हेमंत कुमार की शिकायत पर सेक्टर-24 पुलिस ने कार्रवाई की है। आरोप है कि बुक प्रकाशक और विक्रेता समेत अन्य लोग नकली किताबें ऊंचे दाम पर बेच रहे हैं।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि किताबों के शीर्षक पृष्ठ पर एनसीईआरटी का नाम व लोगो हटाकर उस पर अग्रवाल प्रकाशन नई दिल्ली उल्लेखित किया गया है। सारे अध्याय और उनका विषय एनसीईआरटी की किताबों से पूरी तरह से मेल खा रहे हैं। पेज भी दोनों किताबों के लगभग एक तरह के हैं। पुलिस को दी शिकायत में शिकायत में हेमंत कुमार ने बताया कि सेक्टर-22 के जे ब्लॉक स्थित सोनू बुक डिपो पर नकली किताब बेचे जाने की सूचना मिली थी। एनसीईआरटी के प्रशासन विभाग के तीन अधिकारियों का एक दल 12 जून को सोनू बुक डिपो पर पहुंचा। दुकानदार से कक्षा तीन की तीन किताबें मांगी गईं। तीनों पुस्तकों का नगद भुगतान 510 रुपए किया गया। एनसीईआरटी की मौलिक पुस्तकों और सोनू बुक डिपो से खरीदी गई किताबों के दामों में लगभग दोगुने का अंतर रहा। इसके बाद टीम की ओर से थाने में शिकायत की गई।