जिले में शहरी सुविधाओं के विस्तार की योजनाएं रफ्तार पकड़ रही है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के मास्टर प्लान-2041 में भी जिले को अरबन नोड से जोड़े जाने की योजना है। इसके लिए उद्योग विभाग ने यीडा से नक्शा मांगा हैं जिससे जिले में शहरी सुविधाओं के विकास का खाका खींचा जा सके।
अरबन नोड में किस क्षेत्र को किस श्रेणी में आरक्षित किया गया है, इसे लेकर अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है।अरबन नोड में शिक्षा, स्वास्थ्य,परिवहन, आवास की सुविधाएं विकसित की जानी है, साथ ही इसके आसपास कुछ शर्तों के साथ यीडा से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेकर उद्योग भी लगाए जा सकते हैं।
अरबन नोड्स से शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, आवास और उद्योग के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे। इससे यीडा अधिसूचित क्षेत्र में आ रहे गांवों में तेजी से विकास होगा। निवेश भी आएगा। स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
उत्पादन इकाइयां लगाना यीडा की प्राथमिकता
हाथरस में बड़ी उत्पादन इकाइयां लगाना यीडा की प्राथमिकता में है। कृषि उत्पादन से जुड़े उद्योग, लॉजिस्टिक हब विकसित किए जाएंगे। हाथरस के मौजूदा हींग उद्योग, गुलाल उद्योग को भी बढ़ावा देने पर यह अर्बन नोड काम करेगा। आवासीय और औद्योगिक दोनों ही आवश्यकताओं को यहां पूरा किया जाना है।
आगरा के सैटेलाइट सिटी के रूप विकसित क्षेत्र
यमुना एक्सप्रेसवे और आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग के बीच एक वृहद औद्योगिक शहर विकसित किए जाने की योजना है। आगरा के सैटेलाइट सिटी के रूप में सासनी-हाथरस अर्बन नोड विकसित होगा। करीब 4000 हेक्टेयर जमीन पर यह अर्बन सेंटर विकसित किया जाएगा।
सासनी के 66 गांव हैं अर्बन नोड में शामिल
यीडा की ओर से जारी सूचनाओं के आधार पर जिले की सासनी तहसील के करीब 66 गांवों को अर्बन नोड में शामिल किया जा रहा है।
इन गांवों में अजीतपुर, अजरोई, अखईपुर, अलीपुर, अलीपुर दरयापुर, अमरपुर घना, अंडुआ, बसगोई, भोजगढ़ी, भोपटपुर दरियापुर, बिलखौरा कलां, बिलखौरा खुर्द, छौरा गडौना, दरकौला, दरकौली, डेडामई, देवीनगर, दिनावली, गारव गढ़ी, गढ़ी नंदराम, गोपालपुर उर्फ भूतपुरा, हर्दपुर, जागीपुर, जरैया गडा खेड़ा, जसराना, जिरौली, खानपुर, खेड़ा फिरोजपुर, खोरना, लरौटा, लौहारा, लुटसान, महमूद बरसई, मौहरिया, मीरगमई, नगला बिजैया, नगला अजमेरी, नगला बंबूजाट, नगला भीका, नगला फतेला, नगला गरहू, नगला मलिया, नगला सामंत, नगला सेवा, नहलोई, नौपोरा, पट्टी फतेली, रघनिया, राहना, रामनगर, रामपुर, रुदायन, रूहेरी, सहजपुरा, समानई रूहल, संदलपुर, सासनी देहात, सठिया, शाहपुर खुर्द, श्रीनगर, सीघर, सुमरत गढ़ी शामिल हैं।
- यीडा से अरबन नोड के लिए निवेश मित्र के माध्यम से विस्तृत नक्शे की मांग की गई है, ताकि पता चल सके कि जिले के किस-किस हिस्से में क्या निर्धारण किया गया है। नक्शा मिलने के बाद स्थिति साफ हो सकेगी।अजलेश कुमार, उपायुक्त, जिला उद्योग केन्द्र, हाथरस