ग्रेटर नोएडा (संवाद)। सिटी हॉक्स स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रही वीरपाल सिंह चौहान मेमोरियल अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट के लीग मैच में टीएनएम अकादमी ने वीनस अकादमी राजनगर एक्सटेंशन को 257 रन से हरा दिया। टीएनएम अकादमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 40 ओवर के मुकाबले में सात विकेट के नुकसान पर 395 रन का स्कोर खड़ा किया। शांतनु सिंह ने 153 रन की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वीनस अकादमी की टीम दस विकेट पर 138 रन ही बना सकी। शांतनु सिंह को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
ग्रॉस स्पोर्ट्स छह विकेट से जीती
ग्रेटर नोएडा (संवाद)। नोएडा के बैटल एरिना क्रिकेट मैदान पर चल रहे बैटल एरिना जेके अंडर-14 कप के लीग मैच में ग्रॉस स्पोर्ट्स ने टीएनएम क्रिकेट अकादमी को छह विकेट से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीएनएम अकादमी ने 32 ओवर के मुकाबले में आठ विकेट के नुकसान पर 174 रन का स्कोर खड़ा किया। विपक्षी टीम की ओर से बादल भाटी ने तीन विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ग्रॉस स्पोर्ट्स की टीम ने चार विकेट के नुकसान पर 177 रन बनाकर मैच में जीत हासिल की। बादल भाटी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।