साहिबाबाद। सोनभद्र निवासी रमाकांड पांडे ने साहिबाबाद थानाक्षेत्र के जनकपुरी निवासी विनोद उपाध्याय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
आरोप है कि उनकी प्रताड़नाओं से तंग आकर उनकी बहन ने पांच जून को गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली थी। गाजियाबाद जीआरपी ने पीड़ित का मुकदमा दर्ज कर जांच के लिए साहिबाबाद पुलिस को स्थांतरित कर दिया है। दर्ज मुकदमे में रमाकांत पांडेय ने बताया कि करीब 16 वर्ष पहले उन्होंने अपनी बहन प्रीति की शादी मूलरूप से भदोही के रहने वाले विनोद उपाध्याय से करवाई थी।
दोनों अपने दो बेटों के साथ जनकपुरी में किराये पर रह रहे थे। आरोप है कि शादी के बाद से ही विनोद ने बहन को परेशान रखा। आए दिन मारपीट भी करते थे। कुछ समय पहले बहन ने फोन पर बताया था कि विनोद के दूसरी महिला से संबंध हैं। इसके विरोध पर विनोद शराब पीकर वह प्रीति से मारपीट भी करता था।
बताया कि मारपीट व प्रताड़ना से तंग आकर प्रीति ने पांच जून को गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर आत्महत्या कर ली थी। एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।