ग्रेटर नोएडा (संवाद)। शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रहे टी-20 बाबूराम भाटी मेमोरियल ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट के सुपर नॉकआउट में तीन मुकाबले खेले गए। इन मुकाबलों में तिलपता लॉयंस ने जेएसबी कैमराला को चार विकेट, जेएसबी नयाना ने ककराला नाइट राइडर्स को चार विकेट और नवादा ने कैलासपुर को आठ विकेट से पराजित किया।
आयोजक संगीत भाटी ने बताया कि पहले मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए जेएसबी कैमराला ने सुबोध भाटी के 34 रन की मदद से 135 रन बनाए। विपक्षी टीम के प्रणय ने चार विकेट लिए। जवाब में तिलपता की टीम ने योगी खारी के 32 रन के बदौलत 137 रन बनाकर जीत हासिल की। कैमराला के हनी ने दो विकेट लिए। प्रणय को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, दूसरे मैच में ककराला ने पहले खेलते हुए 102 रन बनाए। जेएसबी नयाना ने 103 रन बनाकर आसानी से जीत हासिल की। 37 रन और एक विकेट लेने वाले रविंद्र भाटी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। तीसरे मैच में कैलाशपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए साहिल भाटी के 54 रन की मदद से 125 रन बनाए। नवादा के जीत चौधरी ने पांच विकेट लिए। उन्हें मैन ऑफ द मैच का चुना गया। नवादा ने 127 रन बनाकर आसानी से जीत हासिल की।