- 12 से अधिक मशीनें लगीं, आधी से ज्यादा आउट ऑफ सर्विस, कार्ड रिचार्ज की सुविधा भी ठप
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। एक्वा लाइन मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों को मंजिल तक पहुंचने से पहले टिकट के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। स्टेशनों पर लगी 12 से अधिक टिकट वेंडिंग मशीनों में आधी से ज्यादा खराब हैं। चालू मशीनों से भी केवल टिकट मिल रहे हैं, स्मार्ट कार्ड रिचार्ज की सुविधा काम नहीं कर रही। ऐसे में यात्रियों को टिकट और कार्ड रिचार्ज के लिए काउंटर की कतार में लगना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि टिकट मिलने तक तीन से चार मेट्रो ट्रेनें निकल जा रही हैं।
बृहस्पतिवार को भी कई स्टेशनों पर टिकट के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। कुछ जगह लाइन सीढ़ियों तक पहुंच गई। यात्रियों को काफी देर इंतजार करना पड़ा। उनका कहना है कि टिकट लेने में इतना समय लग रहा है कि गंतव्य तक पहुंचने में भी देरी हो रही है।
- रिचार्ज के लिए भी काउंटर का सहारा
पहले वेंडिंग मशीनों से स्मार्ट कार्ड रिचार्ज की सुविधा मिलती थी लेकिन अब ज्यादातर मशीनों पर यह काम नहीं कर रही। कई मशीनों में रिचार्ज का विकल्प दिखने के बावजूद प्रक्रिया पूरी नहीं होती। ऐसे में नियमित कार्ड इस्तेमाल करने वाले यात्रियों को भी काउंटर पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
- व्हाट्सऐप टिकट भी नहीं दे रहा राहत
मेट्रो में व्हाट्सऐप से टिकट बुक करने की सुविधा है, लेकिन इससे मशीनों की खराबी और कार्ड रिचार्ज की समस्या दूर नहीं हो रही। यात्रियों ने मशीनों की नियमित जांच और खराब मशीनों को जल्द ठीक कराने की मांग की है।
- रात 11:25 बजे तक संचालन
एक्वा लाइन में यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए मेट्रो संचालन का समय बढ़ाया गया है। अब रात 11:25 बजे तक मेट्रो चल रही है।