सीएक्यूएम के निर्देश पर नोएडा की 50 सड़कों का किया गया निरीक्षण
नंबर गेम- 05 टीमों ने संभाला मोर्चा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर में वायु प्रदूषण की समस्या के वास्तविक कारणों की पड़ताल के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के निर्देश पर बुधवार को उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (यूपीपीसीबी) ने निरीक्षण किया। आयोग के आदेश पर शहर की 50 प्रमुख सड़कों के निरीक्षण में यह बात सामने आई है कि शहर की जर्जर सड़कें, उखड़ी परतें और किनारों पर उड़ती धूल ही वायु प्रदूषण को बढ़ावा देने का सबसे बड़ा कारण हैं। इसकी रिपोर्ट सीएक्यूएम को भेज दी गई है।
उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (यूपीपीसीबी), नोएडा के एई किशन सिंह ने बताया कि सीएक्यूएम के आदेश पर पांच विशेष टीमों का गठन किया गया था। प्रत्येक टीम को 10-10 सड़कों के निरीक्षण की जिम्मेदारी दी गई। हर टीम में यूपीपीसीबी के एक-एक अधिकारी को शामिल किया गया था। निरीक्षण के दौरान टीमों ने शहर के चारों कोनों, एक्सप्रेसवे से लेकर औद्योगिक और घनी आबादी वाले आवासीय सेक्टरों तक की सड़कों का बारीकी से जायजा लिया।
इन सड़कों पर गई टीमें
इसमें डीएनडी, महामाया फ्लाईओवर से ग्रेटर नोएडा मार्ग, एमपी-2 एलिवेटेड रोड, एफएनजी रोड, डीएससी रोड, सेक्टर-37 अंडरपास से कुलेसरा, छिजारसी एफएनजी रोड, सेक्टर-12-22, सेक्टर-39-40, सेक्टर-62 (एनएच-24 के पास), सेक्टर-74 से 79, सेक्टर-80, फेज-2, होजरी कॉम्प्लेक्स और सेक्टर-141 से 145 तक की मुख्य सड़कें शामिल रहीं।
रिपोर्ट के आधार पर तय होगी जवाबदेही
अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण के दौरान नोएडा प्राधिकरण के कार्यों का भी जायजा लिया जाना था कि वायु प्रदूषण नियंत्रण में सड़कों के माध्यम से प्रदूषण कम करने में प्राधिकरण कितना सहयोग कर रहा है। इसके बाद जिम्मेदारों की जवाबदेही तय की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, सड़कों की बदहाली के कारण वायु प्रदूषण बढ़ने की आशंका बनी हुई है। यूपीपीसीबी की पांचों टीमें निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर सीएक्यूएम को भेज दी है। आगे की कार्रवाई में सीएक्यूएम की ओर से प्राधिकरण को निर्देश दिए जाएंगे।