चौथे दिन अंडर-14, 17 और 19 वर्ग में खेले गए करीब 35 लीग मैच, फैकल्टी स्कूल ने 7-1 से दर्ज की बड़ी जीत
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर इकोटेक-11 स्थित उमा पब्लिक स्कूल में चल रही सीबीएसई राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप-2026 में रविवार को चौथे दिन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्गों में करीब 35 लीग मुकाबले खेले गए। विभिन्न राज्यों और अन्य देशों से आई टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। कई मैचों में खिलाड़ियों ने दमदार खेल दिखाया, जबकि कुछ मुकाबले बराबरी पर समाप्त हुए।
प्रतियोगिता के तकनीकी निदेशक शिवालक राज ने बताया कि अंडर-14 वर्ग में आर्मी पब्लिक स्कूल, फतेहगढ़ ने क्यूईसी स्कूल, ओसियां को 3-0 से हराया। एस्टर पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा ने इंडियन स्कूल, गुबरा को 2-0 से शिकस्त दी। वहीं, बिरला पब्लिक स्कूल और नेवी चिल्ड्रन स्कूल, दिल्ली के बीच मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।
अंडर-17 वर्ग में वेलम्मल विद्यालय, वनग्राम ने हार्टफुलनेस कान्हा इंटरनेशनल स्कूल को 3-0 से हराया। डॉन बॉस्को स्कूल, मुंबई ने मेजबान उमा पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा को 1-0 से शिकस्त दी। आत्मीय विद्या मंदिर, सूरत और मधुसूदन पब्लिक स्कूल, चक्रधरपुर के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा।
अंडर-19 वर्ग में फैकल्टी स्कूल की बड़ी जीत :
अंडर-19 वर्ग में शांतिनिकेतन इंडियन स्कूल, दोहा ने इंडियन स्कूल, मस्कट को 1-0 से हराया। ममता मॉडर्न स्कूल, विकासपुरी ने इंदौर पब्लिक स्कूल, आमीन कैंपस को 2-0 से शिकस्त दी। वहीं, फैकल्टी हायर सेकेंडरी स्कूल ने आर्मी पब्लिक स्कूल, लखनऊ को 7-1 के बड़े अंतर से हराया। आर्मी पब्लिक स्कूल, दीदी और हेब्रोन स्कूल, न्यू रंगिया दार्जिलिंग के बीच मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।
सीबीएसई पर्यवेक्षक सुशील त्यागी और भीम त्यागी, विद्यालय के चेयरमैन डॉ. विपिन भाटी, एमडी सचिन चौधरी, निदेशिका-प्रधानाचार्या सुनीता शर्मा और प्रधानाचार्य डॉ. राजेश वशिष्ठ ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।