मऊ। जीआरपी ने सोमवार देर शाम मऊ जंक्शन के प्लेटफॉर्म-2 के पास लिफ्ट से तीन युवकों को 14 किलो पटाखों के साथ गिरफ्तार किया। तीनों युवक वाराणसी के दालमंडी से पटाखा लेकर कृषक एक्सप्रेस से मऊ पहुंचे थे। बाहर आने के लिए वह अंधेरा होने का इंतजार कर रहे थे, ताकि वह चेकिंग से बचकर आसानी से निकल सकें। तब तक जीआरपी की टीम ने उन्हें पकड़ लिया।
तीनों आरोपी बारहवीं तक पढ़े हैं, दीपावली में पैसे कमाने की चाह में तीनों ने पॉकेटमनी से पटाखे खरीदकर दोगुने दाम पर बेचने की योजना बनाई थी। उधर, जीआरपी ने मऊ जंक्शन पर पहली बार पटाखों के साथ किसी को पकड़ा है। सवाल यह है कि आरोपी वाराणसी सीटी रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा को चकमा देकर कैसे ट्रेन में सवार हो गए।
जीआरपी के एसओ राजकपूर सिंह ने बताया कि सोमवार रात आठ बजे उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि लिफ्ट के पास तीन यात्री जिनकी उम्र 20 वर्ष से कम है। उनकी गतिविधियां बेहद संदिग्ध हैं। बार बार अपने पास रखी तीन बोरियों को लेकर सशंकित हो रहे हैं। सूचना पर टीम ने घेराबंदी कर सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बढुआगोदाम निवासी 20 वर्षीय भीम कुमार और 19 वर्षीय आशीष कुमार, चिरैयाकोट के सुहवल निवासी 19 वर्षीय सचिन कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने जब इनके पास से तीन बोरियों की तलाशी ली तो उन्हें आक्टोपस कोबरा छाप पटाखा 15 पैकेट, बिजली बम के पटाखे 8 पैकेट , किंग कोबारा जय महराज छाप पटाखा 10 पैकेट, फुलझरी 10 पैकेट, माचिस पटाखा 10 पीस, महाबाबू चाय की बोरी मोरी छाप पटाखा 10 पैकेट, कोबरा छाप पटाखा 05 पैकेट, चकरी 20 पीस, फुलझड़ी 10 पैकेट प्रत्येक में 10 पीस , महाबीर फुलझरी 10 पैकेट प्रत्येक में 10 पीस , राजबल्ली रॉकेट 01 पैकट 10 पीस , बुलेट बम जवान कंपनी के 5 पैकेट, अनार दो पैकेट प्रत्येक में 10 पीस, शक्तिमान पटाखा 50 पीस , बुलेट बम 50 पीस, चकरी 40 पीस, फुलझरी के 10 पैकेट, प्रत्येक में 10 पीस, आकांक्षा पुुलझड़ी 10 पैकेट प्रत्येक में 10 पीस, चिदंबरम मिनी बुलेट पटाखा 04 पैकेट प्रत्येक में 10 पीस बरामद हुआ। इनकी कीमत 20 हजार बताई जा रही है, पूछताछ में तीनों ने बताया कि वह तीनों दोस्त हैं, दीपावली पर पैसे कमाने के लिए तीनों ने पॉकेट मनी से पैसे जुटाकर पटाखों की खरीद की। इसके बाद वह अपने अभिभावकों को बिना बताए वाराणसी के दालमंडी पहुंचे और वहां से यह पटाखों को कृषक एक्सप्रेस से लेकर मऊ पहुंचे।
इनसेट
दीपावली नजदीक, पटाखों का अवैध भंडारण शुरू
दीपावली नजदीक आते ही अवैध पटाखों का भंडारण शुरू कर दिया गया। 10 अक्तूबरर को मधुबन के गुप्ता गली से पुलिस ने एक लाख मूल्य रुपये के 10 पेटी, तीन बोरियों में रखा गया पटाखा जब्त किया है। वहीं बीते 13 अक्तूबर को कोपागंज के हिकमा मोड़ से दस बोरी, तीन पेटी पटाखों के साथ आरोपी को पुलिस ने पकड़ा।
मऊ जंक्शन पर जीआरपी द्वारा पटाखों के साथ पकड़े गए आरोपी: सोर्स जीआरपी