नोएडा के सेक्टर 125 में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रदर्शन करते छात्र।
मारपीट के मामले में तीन छात्र गिरफ्तार, अन्य की तलाश
नोएडा। छात्रों के साथ मारपीट के बहुचर्चित मामले में नोएडा पुलिस ने एमिटी विश्वविद्यालय के तीन छात्रों को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आरोपी छात्र के अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। कुछ दिनों पहले एमिटी छात्रों के बीच हुई मारपीट की घटना मंगलवार और बुधवार को सोशल मीडिया पर छाया रहा। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पलवल निवासी मयंक तोमर, झज्जर निवासी चेतन और द्वारका निवासी शिव कुमार को गिरफ्तार किया है।
बता दें कि 28 अगस्त को सेक्टर-125 स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी कैंपस में कार पार्किंग को लेकर हर्ष यादव, माधव चौधरी व एक अन्य छात्र का दो युवतियों से विवाद हो गया था। आरोप है कि इसके बाद युवतियों ने 20-25 लड़कों को बुला लिया और हर्ष, माधव व एक अन्य छात्र की जमकर पिटाई कर दी। आरोपियों ने पहले क्लास रूम में तीनों छात्रों पर हमला किया। इस दौरान शिक्षक व अन्य स्टाफ भी चोटिल हुए थे। वहीं, पीड़ित छात्र जब कॉलेज से बाहर निकले तब भी आरोपियों ने उनको रॉड व डंडो से पीट दिया। एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि मामले की जांच के बाद तीन छात्रों को गिरफ्तार किया गया है। घटना में शामिल अन्य छात्रों की तलाश की जा रही है।
दोनों तरफ से हुई एफआईआर
मामले में पहले घायल छात्रों की तरफ से एक छात्रा समेत अन्य युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। घटना वाले दिन शाम को कोतवाली सेक्टर-39 में मुकदमा दर्ज हुआ। अगले दिन छात्रा की तरफ से तीनों घायल युवकों के खिलाफ छेड़खानी व मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया गया था।
दिन भर ट्विटर पर किया ट्रेंड
एमिटी छात्रोें का यह मामला मंगलवार से लेकर बुधवार तक सोशल मीडिया पर छा रहा। मामले को कई लोगों ने ट्वीट व रिट्वीट किया। इसके बाद मेरठ से लेकर लखनऊ तक के अधिकारियों ने मामले में अपडेट लेना शुरू कर दिया। इसके बाद नोएडा पुलिस हरकत में आई और तीन छात्रों को शाम तक गिरफ्तार कर लिया गया।