तावडू। एंटी नारकोटिक्स सैल व अपराध जांच शाखा तावडू टीम ने दो अलग-अलग मामलों में तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से 800 पेटियां बरामद की है। जब्त की गई शराब की कीमत बाजार में करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने चार नामजद व अन्य के खिलाफ आबकारी अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एन्टी नारकोटिक्स सैल व अपराध जांच शाखा तावडू निरीक्षक सुरेन्द्र सिद्धू ने बताया कि उनके नेतृत्व में गठित टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कंटेनर चालक शराब की एक खेप गुजरात के भावनगर लेकर जा रहा है। सूचना मिलने के उपरांत पुलिस ने आबकारी निरीक्षक को सूचना देकर बुलाया और उसे साथ लेकर अनाज मंडी में दबिश दी तो चालक कंटेनर केबिन में सोते हुए मिला। पुलिस के पूछताछ करने पर आरोपी शराब तस्कर चालक सहीद अली पुत्र अजीज जुलहक निवासी मथुरा बाजारा बलामपुर उतर प्रदेश ने बताया कि गाड़ी मालिक राजेश निवासी भिवानी व एक अन्य व्यक्ति ने दवाइयों के फर्जी बिल व बिल्टी देकर अवैध शराब भरवाई थी तथा अवैध शराब भावनगर गुजरात लेकर जानी थी। पुलिस के तलाशी लेने पर कंटेनर से 580 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। उन पेटियों में कुल 6 हजार 960 शराब की बोतलें थीं। वहीं दूसरी और एक अन्य मामले में उप-निरीक्षक नरेश कुमार अपराध शाखा तावडू के नेतृत्व में गठित टीम ने गुप्तचर की सूचना पर केएमपी एक्सप्रेस-वे धुलावट पुलिया के निकट नाकाबंदी करके एक बस में शराब भरकर ले जा रहे आरोपी बस चालक रमेश कुमार निवासी खोडावा जिला उदयपुर राजस्थान तथा कंडेक्टर जवान सिंह निवासी अदबास जिला उदयपुर राजस्थान को काबू किया है। बस की तलाशी लेने पर बस में 220 पेटी (2640 बोतल) अंग्रेजी शराब व बीयर बरामद हुई। पुलिस पूछताछ पर तस्करों ने बताया कि अवैध शराब को बेचने के लिये हरियाणा से अहमदाबाद लेकर जा रहे थे। पुलिस ने चार नामजद शराब तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।