संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के स्केटिंग के तीन खिलाड़ी 55वीं केवीएस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में आगरा रीजन का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन 55वीं केवीएस स्पोर्ट्स मीट आगरा रीजन चैंपियनशिप में प्रदर्शन करने के आधार पर हुआ है। चयनित खिलाड़ियों में ग्रेटर नोएडा के हर्षवर्धन, रुनित राजवंशी और पूर्वी राजवंशी शामिल हैं।
राजवंशी ने अंडर-19 कैटेगरी के इनलाइन रेस में 1000 मीटर में रजत और तीन हजार में कांस्य पदक जीता। पूर्वी राजवंशी ने अंडर-14 कैटेगरी की इनलाइन रेस में 500, 1000 व 2000 मीटर में रजत और हर्षवर्धन ने अंडर-14 कैटेगरी के इनलाइन रेस में 1000 मीटर, 2000 मीटर रेस में कांस्य पदक जीता। रुनित राजवंशी व पूर्वी राजवंशी भाई-बहन हैं। तीनों खिलाड़ी ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में संचालित स्केटिंग अकादमी में जीएन रोलर स्केटिंग स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष और कोच चरण सिंह की देखरेख में स्केटिंग सीख रहे हैं। वहीं, सेक्टर पी-थ्री स्थित केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थी हैं।