शादी समारोह के दौरान गोली मारकर की थी हत्या
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बिसरख क्षेत्र के एक फार्महाउस में शादी समारोह के दौरान समधी की गोली मारकर हुई हत्या के मामले में अपर सत्र न्यायाधीश (त्वरित न्यायालय-द्वितीय) सत्येन्द्र सिंह की अदालत ने हापुड़ निवासी शेखर यादव उर्फ चन्द्रशेखर, उसके भाई यशपाल और गाजियाबाद निवासी भांजे विकास यादव को दोषी ठहराया। तीनों को आजीवन कारावास की सजा दी गई। शेखर और यशपाल पर 15-15 हजार रुपये और विकास यादव पर 7 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। वहीं मामले में तीन आरोपियों को बरी कर दिया। मामले में अदालत ने हापुड़ निवासी वेद प्रकाश उर्फ खब्बी, उसके बेटे गौरव कुमार कुमार व सौरव कुमार को बरी कर दिया।
मामला 27 नवंबर 2023 की रात का है। थाना बिसरख क्षेत्र के यदुवंशी फार्म हाउस में विनोद यादव की बेटी की शादी थी। नोएडा सेक्टर-51 के होशियारपुर निवासी अशोक कुमार अपने बेटे भूपेन्द्र, भाई रोहताश और उदयवीर के साथ कन्यादान के लिए पहुंचे थे, इसी दौरान गोली मारी गई। हत्या की वजह पारिवारिक विवाद था। वादी भूपेन्द्र के छोटे भाई दिनेश की पत्नी ज्योति शेखर यादव की बेटी है। दोनों परिवारों के बीच विवाद गौतमबुद्धनगर की अदालत में विवाद चल रहा था। वादी का आरोप था कि ज्योति को घर में न रखने पर पहले भी धमकी दी गई थी। इसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया था। अभियोजन ने सात गवाह पेश किए। एडीजीसी अपराध शिल्पी भदौरिया ने बताया कि अदालत ने सौरभ, गौरव और वेदप्रकाश उर्फ खब्बी को धारा सभी आरोपों से दोषमुक्त कर दिया। शेखर, यशपाल और विकास को दोषी करार दिया। वहीं एक आरोपी के किशोर होने के कारण उसका मामला किशोर न्याय बोर्ड भेजा गया था।