- सबसे लंबे समय तक अटकी रहने वाली परियोजनाओं में शामिल थी ग्रेनो वेस्ट मेट्रो, 2009 में शुरू हुई थी चर्चा
- ब्लू लाइन और आरआरटीएस से कनेक्टिविटी के फेर में कई बार बदला रूट, तीन बार टेंडर जारी कर निरस्त करने पड़े
योगेश तिवारी
नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो परियोजना को मंजूरी मिलने का इंतजार लंबा रहा। करीब सात साल में तीन बार डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार हुई और हर बार रूट में बदलाव करना पड़ा। कभी दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन से कनेक्टिविटी तो कभी प्रस्तावित आरआरटीएस कॉरिडोर के कारण परियोजना का स्वरूप बदलता रहा। आखिरकार रूट की लंबाई घटाकर सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 तक सीमित की गई। इसके बाद केंद्रीय कैबिनेट से मंजूरी मिल सकी।
इस मेट्रो की चर्चा हालांकि वर्ष 2009 में ही शुरू हो गई थी। उस समय नोएडा सिटी सेंटर तक दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन का संचालन शुरू हुआ था। उम्मीद जगी कि इसका विस्तार सेक्टर-71 होते हुए ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक किया जाएगा। इसी बीच नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) की एक्वा लाइन परियोजना सामने आई। माना जा रहा था कि इसका विस्तार भी ग्रेनो वेस्ट तक होगा लेकिन ब्लू लाइन सेक्टर-62 की ओर मुड़ गई और एक्वा लाइन ग्रेटर नोएडा पहुंच गई। वर्ष 2019 में दोनों कॉरिडोर पर मेट्रो का संचालन शुरू हुआ, लेकिन ग्रेनो वेस्ट को मेट्रो की सुविधा नहीं मिल सकी।
2019 में बनी पहली डीपीआर, पीआईबी से मिली थी मंजूरी
एनएमआरसी ने वर्ष 2019 में पहली डीपीआर तैयार की थी। इसमें सेक्टर-71 से ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-2 तक 9.1555 किमी लंबा कॉरिडोर प्रस्तावित था। मेट्रो रूट बाबा बालकनाथ मंदिर के सामने से होकर गुजरना था। इस चरण में सेक्टर-122, नोएडा सेक्टर-123, ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4, ईकोटेक और सेक्टर-2 में स्टेशन बनाए जाने थे। दूसरे चरण में 5.8025 किमी लंबे रूट पर ग्रेटर नोएडा सेक्टर-3, सेक्टर-10, सेक्टर-12 और नॉलेज पार्क-5 में स्टेशन प्रस्तावित थे। पहले चरण की अनुमानित लागत 1,521 करोड़ रुपये थी। दिसंबर 2022 में इस डीपीआर को केंद्र के पब्लिक इनवेस्टमेंट बोर्ड (पीआईबी) से मंजूरी भी मिल गई थी। इसके बाद कैबिनेट नोट तैयार होना था, लेकिन मंत्रालय स्तर पर इस रूट को ब्लू लाइन से जोड़ने का मुद्दा उठा। एनएमआरसी ने सेक्टर-52 और सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन के बीच स्काईवॉक बनाने का विकल्प दिया। हालांकि, इस प्रस्ताव पर सहमति नहीं बन सकी।
फरवरी 2024 में दूसरी डीपीआर, बढ़ गई लंबाई और लागत
मंत्रालय के निर्देश पर फरवरी 2024 में दूसरी डीपीआर तैयार की गई। इसमें सेक्टर-51 से ब्लू लाइन के नजदीक होते हुए नॉलेज पार्क-5 तक 17.435 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर प्रस्तावित किया गया। इस पर कुल 11 स्टेशन बनाए जाने थे। पहली योजना की तुलना में दो स्टेशन, 2.48 किमी लंबाई और करीब 794 करोड़ रुपये की लागत बढ़ गई। 5 फरवरी को एनएमआरसी बोर्ड ने इस डीपीआर को मंजूरी दी। पहले चरण में करीब 11 किमी लंबे रूट पर सात स्टेशन प्रस्तावित किए गए। इनमें सेक्टर-61, 70, 122, 123, ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4, ईकोटेक सेक्टर-12 और ग्रेटर नोएडा सेक्टर-2 शामिल थे। शेष चार स्टेशन दूसरे चरण में बनाए जाने थे। नवंबर 2024 में यूपी कैबिनेट ने इस डीपीआर को मंजूरी दे दी।
आरआरटीएस के प्रस्ताव ने फिर बदला परियोजना का स्वरूप
दूसरी डीपीआर को मंजूरी मिलने के बाद परियोजना आगे बढ़ी, लेकिन इस बीच गाजियाबाद से जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक आरआरटीएस कॉरिडोर प्रस्तावित हो गया। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में दोनों परियोजनाओं के रूट आसपास थे और आगे नॉलेज पार्क-5 तक समानांतर जाने थे। ऐसे में दोनों कॉरिडोर की यात्री संख्या और व्यवहारिकता को लेकर सवाल उठने लगे। मंत्रालय स्तर पर एक ही ट्रैक पर मेट्रो और रैपिड रेल चलाने की संभावनाएं भी तलाशी गईं, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद एनएमआरसी ने मेट्रो को ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 तक ही सीमित रखने का प्रस्ताव दिया। मंत्रालय के निर्देश पर अप्रैल 2026 में तीसरी डीपीआर तैयार की गई। इसमें सेक्टर-51 से सेक्टर-4 तक 8.449 किलोमीटर लंबे रूट पर पांच स्टेशन प्रस्तावित किए गए। इसी प्रस्ताव को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी मिली।
तीन बार टेंडर जारी हुए, हर बार निरस्त करने पड़े
परियोजना को मंजूरी मिलने की उम्मीद में एनएमआरसी ने वर्ष 2019 के बाद पहले चरण के निर्माण के लिए तीन बार टेंडर जारी किए। हालांकि, केंद्र और मंत्रालय स्तर पर अंतिम स्वीकृति नहीं मिलने के कारण हर बार इन्हें निरस्त करना पड़ा। अब कैबिनेट की मंजूरी के बाद निर्माण के लिए नए सिरे से टेंडर जारी करने की तैयारी है।
एयरपोर्ट और आरआरटीएस से जुड़ेगी कनेक्टिविटी
ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो कॉरिडोर को भविष्य की परिवहन परियोजनाओं से जोड़ने की भी योजना है। सेक्टर-4 के आगे गाजियाबाद-जेवर आरआरटीएस कॉरिडोर प्रस्तावित है। इसके बनने से एक ओर हिंडन एयरपोर्ट और दूसरी ओर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंच आसान हो सकेगी। वहीं, सेक्टर-61 पर ब्लू लाइन से इंटरचेंज के बाद यात्री बॉटनिकल गार्डन स्टेशन पहुंच सकेंगे। यहां से दिल्ली मेट्रो के जरिये इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट तक सफर किया जा सकेगा। इसके अलावा सूरजपुर में आरआरटीएस इंटरचेंज और वहां से गुरुग्राम तक कॉरिडोर विकसित करने की योजना है। बोड़ाकी में मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब भी प्रस्तावित है।
70 किमी से अधिक होगा मेट्रो नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा वेस्ट कॉरिडोर बनने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा का मेट्रो नेटवर्क 70 किमी से अधिक हो जाएगा। फिलहाल सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा के डिपो तक 29.7 किमी लंबे एक्वा लाइन कॉरिडोर पर मेट्रो संचालित है। फरवरी 2019 में शुरू हुए इस रूट पर 21 स्टेशन हैं। इसके अलावा दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन का सेक्टर-15 से इलेक्ट्रॉनिक सिटी (सेक्टर-63) तक करीब 17.761 किमी लंबा कॉरिडोर संचालित है। सेक्टर-142 से बॉटनिकल गार्डन तक 11.56 किमी और डिपो से बोड़ाकी तक 2.60 किमी लंबे दो अन्य कॉरिडोर पर भी निर्माण की तैयारी है। एनएमआरसी इन परियोजनाओं के लिए निर्माण एजेंसी का चयन कर चुका है।