तीन गोवंश को कराया मुक्त, पुलिस पर फायरिंग
तावडू। सीएस टीम नूंह व गोरक्षक दल के सदस्यों ने गांव चीला पहाड़ से गाड़ी में वध के लिए लेकर जा रहे तीन गोवंश को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। तस्करों ने गाड़ी का पीछा करने पर पुलिस टीम पर गोली भी चलाईं। गोरक्षक दल व सीएस टीम के सदस्य बाल-बाल बच गए। अवैध हथियार सहित तीन आरोपियों को काबू किया गया है। जबकि दो फरार हो गए। पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ गोसंरक्षण एंव गोसंवर्धन सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
नूंह के उप सहायक निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि साहून निवासी गांव ग्वारका, आमीन, काला व नूरुद्दीन निवासी गांव पचगांवा थाना तावडू व साहून निवासी थाना टपूकड़ा जिला अलवर मिलकर गोकशी का धंधा करते हैं। कुछ गोवंश को गांव चीला पहाड़ में एक बिना नंबर की बोलेरो गाड़ी में भरकर सीमा के साथ लगते जिला अलवर के गांव लेकर जाएंगे। जिन्हें मौके पर दबिश देकर गोवंश सहित काबू किया जा सकता है। सूचना के बाद टीम व गो रक्षक दल के सदस्यों ने मौके पर दबिश दी। पुलिस की सरकारी गाड़ी को देखकर आरोपी गाड़ी सहित भागने लगे। पुलिस ने गाड़ी का पीछा किया तो आरोपी साहून ने अवैध हथियार से पुलिस टीम पर गोली चला दी, कर्मचारी बाल-बाल बच गए। टीम के पीछा करने पर बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। गोरक्षक दल के सदस्य मोहित मानेसर व मनोज पचगांवा की मदद से सीएस स्टाफ ने साहून निवासी टपूकड़ा, आमीन उर्फ गुडडू निवासी गांव पचगांवा व साहून निवासी गांव ग्वारका को काबू किया। इनमे आरोपी साहून निवासी टपुकड़ा के पास से देशी बंदूक बरामद की गई है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।