कॉलोनीवासियों की ओर से अपनाई गई नवाचार और आत्मनिर्भर कचरा प्रबंधन प्रणाली पर लिया फैसला
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
एनडीएमसी ने स्वच्छता और सतत विकास की दिशा में बड़ी पहल करते हुए चाणक्यपुरी स्थित डी-1 व डी-2 ब्लॉक और सत्य सदन ऑफिसर फ्लैट को अनुपम कॉलोनी घोषित किया है। यह निर्णय कॉलोनीवासियों की ओर से अपनाई गई नवाचार और आत्मनिर्भर कचरा प्रबंधन प्रणालियों को देखते हुए लिया गया है।
एनडीएमसी अध्यक्ष केशव चंद्र ने मधु लिमये मार्ग और सत्य मार्ग टी-पॉइंट पर आयोजित समारोह में इस पहल की औपचारिक घोषणा की। उन्होंने बताया कि इन कॉलोनी में गीले, सूखे और बागवानी कचरे के पृथक्करण व प्रसंस्करण की पूर्ण व्यवस्था की गई है, जो इसे दिल्ली की अपनी तरह की पहली कॉलोनी बनाती है। कॉलोनी में गीले कचरे से खाद बनाना, सूखे कचरे को 12 अलग-अलग श्रेणियों में अलग करना, बागवानी अपशिष्ट से कंपोस्ट तैयार करना और ई-कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण किया जाता है। इसके अलावा नेकी की दीवार के तहत उपयोग किए जा सकने वाले पुराने वस्त्र, जूते व खिलौने आदि जरूरतमंदों के लिए दान किए जाते हैं।
एनडीएमसी अध्यक्ष ने कहा कि यह पहल एक साथ स्वच्छ और हरित कल के लिए उद्देश्य पर आधारित है और भविष्य में इस मॉडल को एनडीएमसी क्षेत्र की अन्य कॉलोनियों में भी लागू किया जाएगा। इसप्रकार की आत्मनिर्भर कॉलोनियां दिल्ली के कचरा प्रबंधन के भविष्य का रास्ता दिखा सकती हैं। इस अवसर पर एनडीएमसी के सचिव तारिक थॉमस, सलाहकार (स्वच्छता) राजीव कुमार जैन, आरडब्ल्यूए सदस्य और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।