संयुक्त सचिव के बेटे से लूटपाट में तीन गिरफ्तार
नोएडा। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय के यूजीसी में संयुक्त सचिव के बेटे को अगवा कर लूट के मामले में पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी 12वीं पास हैं। इनमें जहांगीराबाद निवासी सूरज और मनीष अमेजॉन कंपनी में ड्राइवर हैं जबकि सार्फाबाद निवासी अमन ट्रक चालक है। रविवार रात सेक्टर-52 से पकड़े गए तीनों के पास से लूट का माल और कार बरामद हुई है। गिरफ्तार दो बदमाश कुछ दिन पहले ही कोतवाली सेक्टर-49 से शांति भंग में गिरफ्तार हुए थे।
एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि 19 सितंबर की रात मानव संसाधन विकास मंत्रालय के संयुक्त सचिव डॉ. सुरेंद्र सिंह के बेटे अनुज गोस्वामी को बदमाशों ने सेक्टर-72 में कार में अगवा कर लिया था और मारपीट कर उससे लूटपाट की थी। बदमाशों ने अनुज को गाजियाबाद में फेंक दिया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस को पेट्रोल पंप से बदमाशों का सीसीटीवी फुटेज मिला था। इससे पुलिस आसानी से बदमाशों तक पहुंच गई।
पुलिस के मुताबिक 19 सितंबर को तीनों नशे में धुत होकर सेक्टर-72 में अनुज को कार में अगवा कर लिया था। दो बदमाशों ने उसे बंधक बनाकर पिछली सीट पर डाल दिया और तीसरा साथी कार चलाकर गाजियाबाद की तरफ भागने लगा था। रास्ते में पिटाई कर एटीएम से कैश निकालने का प्रयास किया लेकिन बदमाश सफल नहीं हो पाए। इससे नाराज बदमाशों ने फिर से काफी पिटाई की थी। रास्ते में कार के कई बार टकराने से क्षतिग्रस्त होने की वजह से पेट्रोल पंप पर जाते हुए कार बंद हो गई थी। बदमाशों ने अनुज को गाजियाबाद के पेट्रोल पंप के पास छोड़ दिया था।